कांग्रेस नेता तंवर बोले- EVM स्ट्रांग रूम में हो चुकी हैं जमा, अब किसी वाहन में दिखे तो लगा दें आग
अशोक तंवर ने कहा कि EVM स्ट्रांग रूम में जमा हो चुकी हैंं। अब अगर कहीं पर किसी वाहन में EVM दिखे तो उसे पार्टी कार्यकर्ता आग लगा दें।
जेएनएन, सिरसा। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व सिरसा से प्रत्याशी डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि EVM में अब भी गड़बड़ी की आशंका है। EVM स्ट्रांग रूम में जमा हो चुकी हैं। पानीपत में EVM वाहन के अंदर संदिग्ध हालत में मिली है। अगर कहीं पर अब किसी वाहन में EVM दिखे तो उसे पार्टी कार्यकर्ता आग लगा दें। तंवर ने ये बातें सोमवार को कांग्रेस भवन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहीं। इससे पहले तंवर ने अपनी जीत सुनिश्चित मानते हुए कार्यकर्ताओं को लड्डू भी खिलाए। अशोक तंवर ने कहा कि लोकतंत्र के साथ कांग्रेस खिलवाड़ नहीं करने देगी। पार्टी कार्यकर्ता EVM को लेकर ठीकरी पहरा दे। अगर कहीं पर EVM मिलती है तो उसका पक्का इलाज कर दें।
मतदाताओं को दी बधाई
उन्होंने कहा कि भाजपा ने सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किया है। वहीं शराब व पैसे भी बांटे गए हैं। भाजपा ने चुनाव में पूरी गुंडागर्दी की है। जनता पर कोई दबाव नहीं था। सिरसा में हरियाणा में सबसे अधिक मतदान हुआ है। इसके लिए सिरसा संसदीय क्षेत्र के मतदाता बधाई के पात्र हैं। इस मतदान से साबित होता है कि लोग मतदान के प्रति काफी जागरूक हुए हैं।
तंवर को बगावत का भय, बोले-अब भी काली भेड़ें
कांग्रेस प्रत्याशी अशोक तंवर को अब भी बगावत का भय है। वह कांग्रेस भवन में पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनाव को लेकर बातचीत कर रहे थे। चुनाव पर चर्चा करते हुए तंवर बोले अब भी कई काली भेड़ें हैं। इनको नहीं सुधरना है। हालांकि तंवर ने इसमें किसी का नाम नहीं लिया। डेरा सच्चा सौदा द्वारा किसे समर्थन दिए जाने के सवाल पर कई कार्यकर्ताओं ने कहा कि डेरा ने भाजपा के पक्ष में मतदान करने की बात कही। इस पर तंवर बोले जो साइलेंट वोट था कांग्रेस को ही गया है। आप ङ्क्षचता न करें, जीत तो अपनी पक्की है। हमेशा कार्यकर्ताओं के बीच रहूंगा।
पंजाब चुनाव में करेंगे प्रचार
डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि मंगलवार से पंजाब में चुनाव प्रचार करेंगे। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी बठिंडा में कांग्रेस प्रत्याशी अमरेंद्र सिंह राजा वडिंग के पक्ष में चुनाव प्रचार करने के लिए आएंगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि बठिंडा पहुंचकर प्रचार करें। इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता होशियारी लाल शर्मा, देवेंद्र बबली, जीपीएस किंगरे, शीशपाल केहरवाला, राजकुमार शर्मा, सुभाष जोधपुरिया, गजानंद सोनी, अमित सोनी, हरीश सोनी, विक्की मुल्ला, देवेंद्र सोनी, हनुमान दास पटीर, सिकंदर खट्टर, निरंजन सिंह, आजाद केलनिया, राजेश शर्मा, राजू बजाज, निर्मल गनेरीवाला, करनैल सिंह, सुभाष बजाज, सुरेंद्र कायस्थ मौजूद थे।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप