गुजरात चुनाव : परिवार में कलह, सांसद की बहू को मिला टिकट, सास ने फेसबुक पर दी धमकी
दरअसल सांसद महोदय ने भाजपा से अपनी पत्नी के लिए टिकट मांगा था, लेकिन पार्टी ने उनकी बहू को टिकट दे दिया है।
अहमदाबाद (ब्यूरो)। गुजरात के पंचमहल से भाजपा सांसद प्रभात सिंह चौहान की बहू सुमन चौहान को कलोल से टिकट दिया गया है। लेकिन उनकी पत्नी और सुमन की सास रंगेश्वरी इससे नाराज हो गई हैं। उन्होंने फेसबुक पर पोस्ट लिखकर चेतावनी दी है। उन्होंने लिखा है, 'अब देखती हूं बहू प्रचार करने कैसे जाती है? मैं उसे घर से बाहर पैर भी नहीं रखने दूंगी।' दरअसल सांसद महोदय ने भाजपा से अपनी पत्नी के लिए टिकट मांगा था, लेकिन पार्टी ने उनकी बहू को टिकट दे दिया है।
कांग्रेसियों का अनूठा प्रेम
गुजरात कांग्रेस आमतौर पर गुटबाजी के लिए बदनाम है, लेकिन शुक्रवार को वडोदरा की सावली सीट के तीन दावेदार विधायक खुमाणसिंह चौहाण, टिकट के दावेदार सागर ब्रह्मभट व विजय गोहिल ने एक साथ मिलकर जुलूस निकाला। कलेक्टर कार्यालय जाकर तीनों ने नामांकन भी भरा। अब कांग्रेस आलाकमान से कहा है कि वह तीन में से जिसे चाहे उसे टिकट दे दे। तीनों मिलकर उसे चुनाव जिताएंगे। कांग्रेस को भी तीनों के इस प्रेम व एकता से राहत है कि टिकट किसी एक को देने के बाद कोई बगावत नहीं होगी।
भाजपा की पांचवीं सूची जारी, आठ नए चेहरे
गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने पांचवीं सूची जारी कर दी है। पार्टी ने जहां पांच को दोबारा मौका दिया है, वहीं आठ चेहरे नए हैं। पहली सूची में गुजराती कलाकार के बेटे हितू कनोडिया का नाम भी शामिल था। भाजपा में 72 वर्ष से अधिक उम्र के नेताओं को टिकट नहीं दिया जाता, लेकिन ऊंझा के नारण पटेल को 79 की उम्र में भी मैदान में उतारा गया है। कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए विधायक अमित चौधरी को भाजपा ने माणसा से टिकट दिया है। अहमदाबाद के ठक्करबापा नगर, पाटण, नडियाद सीटों पर भाजपा ने अपने पुराने दिग्गजों पर ही भरोसा किया है। भाजपा के पूर्व विधायक गुजराती कलाकार नरेश कनोडिया के पुत्र हितू कनोडिया को भाजपा ने ईडर में गुजरात विधानसभा अध्यक्ष रमण वोरा की सीट पर प्रत्याशी बनाया है।
यह भी पढ़ें : BJP प्रत्याशी के अाफिस के सामने हंगामा, 3 कांग्रेस उम्मीदवार सहित 45 हिरासत में