गुजरात चुनाव हमारे लिए सम्मान की लड़ाई : अमित शाह
अमित शाह ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उन्होंने अपने अमेठी लोकसभा क्षेत्र के लिए कुछ नहीं किया है।
गांधीनगर, प्रेट्र/आइएएनएस। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने गुजरात विधानसभा चुनाव को भाजपा के लिए सम्मान की लड़ाई बताते हुए 150 से अधिक सीट जीतने का लक्ष्य निर्धारित किया है। सोमवार को 'गुजरात गौरव यात्रा के समापन पर रैली को संबोधित करते हुए शाह ने कार्यकर्ताओं से मोदी के गृह राज्य से कांग्रेस को पूरी तरह उखाड़ फेंकने का आह्वान किया। भाजपा अध्यक्ष ने कहा, 'हम तीन-चौथाई बहुमत से चुनाव जीतना चाहते हैं। जब मोदी मुख्यमंत्री थे, हमने 127 सीटों पर जीत दर्ज की थी। अब जब वह प्रधानमंत्री बन गए हैं, तो यह आंकड़ा काफी छोटा लग रहा है। उल्लेखनीय है कि राज्य विधानसभा में 182 सदस्य हैं।
अमित शाह ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उन्होंने अपने अमेठी लोकसभा क्षेत्र के लिए कुछ नहीं किया है। और वह प्रश्न उठा रहे हैं कि भाजपा ने गुजरात का कैसा विकास किया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अमेठी में एक कलक्ट्रेट बनवाने में नाकाम रहे और वह गुजरात में हमारे काम पर अंगुली उठा रहे हैं।
विकास विरोधी कांग्रेस का आने वाले चुनाव में राज्य से जड़ से सफाया हो जाएगा। शाह ने मोदी की महत्वाकांक्षी अहमदाबाद -मुंबई बुलेट ट्रेन परियोजना पर निशाना साधने वालों को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि वे लोग बुलेट ट्रेन का मजाक उड़ा रहे हैं लेकिन गुजरात के लोग विकास से प्यार करते हैं। मोदी का गुजरात मॉडल विकास को परिभाषित करता है।
यह भी पढ़ें: वंशवाद हारेगा, विकासवाद जीतेगाः मोदी