यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 02, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Sikkim Assembly Election Results 2024: सिक्किम में नहीं खिल सका 'कमल', जानिए विधानसभा चुनाव में कितने फीसदी मिले वोट?
Sikkim Assembly Election Results 2024 सिक्किम विधानसभा चुनाव के नतीजों में भाजपा का प्रदर्शन बेहद खराब रहा। पार्टी ने राज्य ...और पढ़ें

पीटीआई, गंगटोक। सिक्किम विधानसभा चुनाव के नतीजों में सत्तारूढ़ सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा की एकतरफा आंधी चली। पार्टी ने प्रचंड जीत हासिल करते हुए 32 में से 31 सीट पर कब्जा जमा लिया है। वहीं, विपक्षी पार्टी सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट को मात्र एक सीट पर जीत मिली है।
इधर, 31 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ रही भाजपा का खाता भी नहीं खुल सका। जबकि, निवर्तमान सदन में उसके 12 सदस्य थे। रविवार को घोषित किए गए सिक्किम विधानसभा चुनाव के नतीजों में भाजपा को राज्य में केवल 5.18 फीसदी वोट ही मिल सके। इसके मुकाबले एसकेएम को 58.38 फीसदी और सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट को 27.37 फीसदी वोट हासिल हुए।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भी हारे
सिक्किम भाजपा के अध्यक्ष दिली राम थापा को भी अपनी सीट से हार का सामना करना पड़ा है। मौजूदा विधायक और पूर्व मंत्री थापा राय को अपर बर्टुक विधानसभा क्षेत्र से एसकेएम उम्मीदवार कला राय ने 2,968 वोटों से शिकस्त दी। राय को 6,723 जबकि थापा को 3,755 वोट मिले। वहीं सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट के डीबी थापा को 1,623 वोट मिले।
भाजपा ने सिक्किम में लाचेन मंगन सीट को छोड़कर बाकी की 31 सीटों पर विधानसभा चुनाव लड़ा, लेकिन अधिकतर सीटों पर पार्टी के उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई। इससे पहले सीट बंटवारे पर बात न बनने पर भाजपा ने मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग के नेतृत्व वाली सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) के साथ गठबंधन तोड़ अकेले चुनाव में उतरने का फैसला किया था।
पांच विधायकों ने छोड़ी थी पार्टी
बता दें कि निवर्तमान सिक्किम विधानसभा में भाजपा के 12 विधायक थे, जिनमें से दस विधायक विपक्षी सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट (एसडीएफ) से दलबदल कर आए थे, जबकि दो अन्य एसकेएम के साथ गठबंधन में अक्टूबर 2019 में हुए विधानसभा उपचुनाव में जीते थे। उन 12 में से पांच विधायकों में से ने पार्टी छोड़ दी है, जिनमें से तीन एसकेएम में शामिल हो गए। बाकी सात भाजपा विधायकों में से केवल दो को पार्टी ने इस चुनाव में टिकट दिया था।
