विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 01, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Exit Poll 2023: मध्य प्रदेश-राजस्थान में भगवा लहराने के आसार, छत्तीसगढ़-तेलंगाना में त्रिकोणीय मुकाबले के समीकरण; कांग्रेस ने बढ़ाई धड़कनें

By Jagran NewsEdited By: Jeet Kumar
Published: Fri, 01 Dec 2023 06:00 AM (IST)

राजस्थान के एक्जिट पोल में कुछ एजेंसियां भाजपा की सरकार बना रही हैं तो कुछ कांग्रेस की। लेकिन कुछ अनुमानों में राजस्थान में भाजपा की सरकार बनती नजर आ रही है। वहीं मध्य प्रदेश में भाजपा के भारी बढ़त के साथ सत्ता में लौटने और कांग्रेस को यहां बड़ा झटका लगने का अनुमान लगाया जा रहा है। तेलंगाना में केसीआर की राह काफी मुश्किल नजर आ रही है।

मध्य प्रदेश-राजस्थान में भाजपा आगे, छत्तीसगढ़-तेलंगाना में कांग्रेस को बढ़त
मध्य प्रदेश-राजस्थान में भाजपा आगे, छत्तीसगढ़-तेलंगाना में कांग्रेस को बढ़त

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के बाद आए एक्जिट पोल तमाम राजनीतिक अनुमानों से जुदा नजर आ रहे हैं। अधिकांश एक्जिट पोल के अनुमानों का औसत निकालने पर कांग्रेस छत्तीसगढ़ में लगातार दूसरी बार जीत हासिल करते हुए तेलंगाना में भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) से सत्ता छीनती नजर आ रही है।

क्या राजस्थान में बदलेगा रिवाज

वहीं, राजनीतिक अनुमानों को पूरी तरह गलत साबित करते हुए भाजपा मध्य प्रदेश में कांग्रेस को पीछे छोड़कर सत्ता में लौटती नजर आ रही है। राजस्थान में सत्ता बदलते रहने का रिवाज बरकरार रहने का अनुमान है और वहां भी भाजपा सरकार बनाती नजर आ रही है। मिजोरम में त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति बन रही है जिसमें कोई पार्टी बहुमत के करीब पहुंचती नहीं दिख रही है और वहां चुनाव बाद गठबंधन के सहारे ही नई सरकार का गठन होगा।

मध्य प्रदेश में कांग्रेस को लग सकता है झटका

मध्य प्रदेश के चुनाव में तमाम राजनीतिक सर्वेक्षणों के विपरीत भाजपा के भारी बढ़त के साथ सत्ता में लौटने और कांग्रेस को यहां बड़ा झटका लगने का अनुमान लगाया जा रहा है। इंडिया टुडे-एक्सिस के एक्जिट पोल के अनुसार मध्य प्रदेश में भाजपा को 140-162 सीटों के साथ भारी बहुमत मिलने का अनुमान है, जबकि कांग्रेस को 68-90 सीटें ही मिलती दिख रही हैं।

टुडेज चाणक्य ने यहां भाजपा को 151 तो कांग्रेस को केवल 74 सीटें मिलने की भविष्यवाणी की है। छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस अपनी सरकार बचाते हुए दिख रही है। हालांकि भाजपा का प्रदर्शन राज्य में बहुत अच्छा हो रहा है।

एक्जिट पोल में राजस्थान की स्थिति साफ नहीं

राजस्थान के एक्जिट पोल में कुछ एजेंसियां भाजपा की सरकार बना रही हैं तो कुछ कांग्रेस की। लेकिन इन अनुमानों का औसत निकालें तो यहां भी भाजपा की सरकार बनती नजर आ रही है। पूर्व आकलन में भी भाजपा के लिए सबसे सुरक्षित राजस्थान को ही माना जा रहा था।

तेलंगाना में केसीआर की राह मुश्किल

तेलंगाना में मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की पार्टी बीआरएस अधिकांश एक्जिट पोल में कांग्रेस से चुनाव हारती हुई नजर आ रही है। ध्यान रहे कि वहां पिछले कुछ महीनों में ही कांग्रेस दौड़ में शामिल हुई थी। अगर तेलंगाना कांग्रेस के हाथ में आता है तो दक्षिण के दो राज्यों में कांग्रेस काबिज होगी और अगर राजस्थान सत्ता बदलने का रिवाज बरकरार रहा तो कांग्रेस और भाजपा के बीच 2:2 से फैसला होगा और यह भाजपा के लिए बहुत बड़ा नैतिक बल होगा।

यह भी पढ़ें- मध्‍य प्रदेश में शिवराज और राजस्‍थान में असमंजस में 'रिवाज', 'पंजे' में छत्तीसगढ़-तेलंगाना; मिजोरम में खिचड़ी सरकार

मिजोरम में किसी को स्पष्ट बहुमत नहीं

मिजोरम में इंडिया टीवी-सीएनएक्स ने मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) को 14-18, जोराम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) को 12-16, कांग्रेस को 8-10 और भाजपा को 0-2 सीटें मिलने का अनुमान लगाया है। एबीपी न्यूज-सी वोटर के अनुसार एमएनएफ को 15-21, जेडपीएम को 12-18 और कांग्रेस 2-8 सीटें मिलेंगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।