Nirbhaya case: दोषियों को फांसी में हो रही देरी के लिए AAP और BJP में आरोप-प्रत्यारोप जारी
AAP नेता संजय सिंह ने ट्वीट करते हुए कहा कि सजा में देरी के लिए भाजपा जिम्मेदार है क्योंकि भाजपा के कंट्रोल में ही कानून-व्यवस्था है।
नई दिल्ली, ऑनलाइन डेस्क। निर्भया के गुनहगारों को सजा मिलने में हो रही देरी पर भाजपा और आम आदमी पार्टी ने एक दूसरे को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है। इस मामले में आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने भाजपा पर निशाना साधते हुए उसे दोषी ठहराया है। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा कि सजा में देरी के लिए भाजपा जिम्मेदार है, क्योंकि भाजपा के कंट्रोल में ही कानून-व्यवस्था है। हमने इस मामले में जरा भी देरी नहीं है। भाजपा को अपने झूठ प्रचारित करने के लिए माफी मांगनी चाहिए।
प्रकाश जावेडकर पर साधा निशाना
इससे पहले बुधवार को आप के वरिष्ठ नेता व राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने फिर आरोप लगाया है कि भाजपा के नेता लगातार दिल्ली की जनता को मिल रही मुफ्त सुविधाओं का विरोध कर रहे हैं। दिल्ली प्रभारी प्रकाश जावडेकर से लेकर कई सांसद इसका पहले ही विरोध कर चुके हैं। अब इसमें नया नाम भाजपा सांसद गौतम गंभीर का जुड़ा है।
मुफ्त सुविधाओं का भाजपा कर रही विरोध
उन्होंने एक अंग्रेजी अखबार को दिए साक्षात्कार में दिल्ली सरकार द्वारा मुफ्त दी जा रही सुविधाओं का विरोध किया है। गौतम ने साफ कहा है कि भाजपा किसी तरह की मुफ्त सुविधा के खिलाफ है। हर चीज का एक चार्ज लगना चाहिए, नहीं तो उसका महत्व खत्म हो जाता है।
सांसद के तौर पर ले रहे सुविधा और आम जनता पर सवाल क्यों
संजय सिंह ने कहा कि एक सांसद के तौर पर वह सरकार से मुफ्त सुविधाएं लें तो ठीक आम जनता को केजरीवाल सरकार वही सुविधाएं देने लगे तो गलत। इससे साबित होता है कि भाजपा आम जनता विरोधी मानसिकता से ग्रस्त है। सिंह ने यह कहा कि भाजपा चाहे जितना जोर लगा ले, दिल्ली की आम जनता को मिल रही मुफ्त की सुविधाओं को आप की सरकार जारी रखेगी।
भाजपा का असली चेहरा बेनकाब
पार्टी मुख्यालय में हुई प्रेसवार्ता में सिंह ने कहा कि भाजपा के सभी नेता अपने भाषणों के जरिये अपनी जन विरोधी सोच, जनता को दिल्ली सरकार द्वारा मिल रही मुफ्त योजनाओं का विरोध करके लगातार उजागर कर रहे हैं। इससे भाजपा का असली चेहरा जनता के सामने बेनकाब हो रहा है। यह बहुत ही अच्छी बात है कि दिल्ली चुनाव से पहले दिल्ली की जनता उनकी असली सोच के बारे में जान पा रही है।