Delhi Election Result 2020: AAP से गठबंधन को लेकर कांग्रेस के 2 दिग्गज नेता बंटे
Delhi Election 2020 Results जहां पीसी चाको नतीजे आने पर गठबंधन की संभावना जता रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने आम आदमी पार्टी से गठबंधन पर असहमति जताई है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। Delhi Election 2020 : एक्जिट पोल में भले ही आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) की सरकार बन रही है, लेकिन प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व में गठबंधन को लेकर अभी से रार छिड़ती दिखाई दे रही है। एक तरफ जहां पीसी चाको नतीजे आने पर गठबंधन की संभावना तय होने की बात कह रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने आम आदमी पार्टी से गठबंधन पर असहमति जताई है।
चुनावी नतीजे पर निर्भर है गठबंधन : पीसी चाको
बताया जा रहा है कि कुछकांग्रेस नेताओं को उम्मीद है कि विधानसभा चुनाव के नतीजों में किसी भी दल को स्पष्ट जनादेश नहीं मिलेगा। वहीं, इस बाबत प्रदेश प्रभारी पीसी चाको ने आम आदमी पार्टी से गठबंधन की संभावना पर कहा कि कांग्रेस का AAP से गठबंधन चुनावी नतीजे पर निर्भर करता है। उन्होंने कहा कि एक बार नतीजे आ जाएं, फिर हम इस पर चर्चा करेंगे। मुझे नहीं लगता कि एक्जिट पोल के सर्वे सही हैं। एक्जिट पोल के सर्वे से कांग्रेस बेहतर प्रदर्शन करेगी।
व्यक्तिगत तौर पर गठबंधन के खिलाफ : सुभाष चोपड़ा
वहीं, दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष चोपड़ा ने AAP के साथ कांग्रेस के गठबंधन की संभावना को नकारते हुए कहा कि इसका सवाल ही नहीं उठता। हालांकि उन्होंने नतीजे आने तक इंतजार करने को कहा। उन्होंने कहा, नतीजे आने दीजिए, लेकिन व्यक्तिगत तौर पर मैं इसके खिलाफ हूं। यहां तक कि मैं तो यह भी नहीं सोच सकता कि अरविंद केजरीवाल फिर से सरकार बनाने जा रहे हैं। ऐसे में गठबंधन का कोई सवाल ही नहीं उठता।
एग्जिट को खारिज किया सुभाष चोपड़ा ने
सुभाष चोपड़ा ने विधानसभा चुनाव के सभी एक्जिट पोल को खारिज कर दिया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा को 20 सीटें भी हासिल नहीं होंगी, जबकि केजरीवाल दिल्ली में सरकार नहीं बना पाएंगे। इसके साथ ही उन्होंने यह उम्मीद भी जताई कि एक्जिट पोल के वितरीत कांग्रेस बेहतर नतीजे देगी।
बता दें कि मंगलवार सुबह 8 बजे से दिल्ली की सभी 70 सीटों पर मतगणना शुरू हो जाएगी। उम्मीद की जा रही है कि दोपहर बाद 3 बजे तक सभी सीटों पर नजीते आ जाएंगे।