Delhi Assembly Election 2020: दिल्ली कांग्रेस का दावा, हरियाणा से बेहतर होंगे नतीजे
Delhi Assembly Election 2020 दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने कहा कि दिल्ली के नतीजे न केवल हरियाणा की तर्ज पर आएंगे बल्कि उससे बेहतर होंगे।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। Delhi Assembly Election 2020: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 की तिथियां घोषित होने के बाद मंगलवार को दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में टिकट के लिए आवेदन करने वालों का तांता लगा रहा। पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ खासी संख्या में लोगों ने प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा से मुलाकात करके विभिन्न सीटों के लिए दावेदारी जताई।
सुभाष चोपड़ा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली में कांग्रेस पार्टी की मजबूत स्थिति को देखते हुए आज दूसरे दलों के लोग भी कांग्रेस में शामिल होने के इच्छुक हैं। उन्होंने चुनावी सर्वेक्षणों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि हरियाणा विधानसभा चुनाव 2015 से ठीक एक दिन पहले जो सर्वेक्षण आया था, उसमें कांग्रेस को तीन सीट दी जा रही थी, जबकि बाद में परिणाम कुछ और ही रहा। उन्होंने कहा कि दिल्ली के नतीजे न केवल हरियाणा की तर्ज पर आएंगे बल्कि उससे बेहतर होंगे। उन्होंने आज फिर दोहराया कि कांग्रेस दिल्ली में अपने दम पर सरकार बनाएगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वो घर-घर पार्टी की नीतियों को पहुंचाएं व भारतीय जनता पार्टी व आम आदमी पार्टी की विफलताओं को भी सामने लाएं।
वहीं मुख्य प्रवक्ता मुकेश शर्मा ने कहा कि सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में हर सीट पर संभावित दावेदारों की लंबी कतार है। पार्टी जीतने वाले मजबूत व पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ताओं को आगामी चुनाव में मैदान में उतारेगी। बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनाव 2015 में कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली थी।
गौरतलब है कि हरियाणा विधानसभा चुनाव 2019 में कांग्रेस ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए विपरीत हालात में 90 में से 30 सीटों हासिल की थीं और कई सीटों पर वह बहुत कम मतों से हारी है। माना जा रहा है कि कुछ समय पहले प्रदेश के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अगुवाई में चुनाव लड़ने का एलान होता, तो नतीजे इससे कहीं बेहतर होते।