Delhi Election 2020: मुख्यमंत्री केजरीवाल ने गांधी नगर विधानसभा क्षेत्र में किया रोड शो
Delhi Election 2020 गांधीनगर में रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व प्रत्याशी नवीन चौधरी- हरीश कुमार।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। Delhi Election 2020: मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार शाम गांधी नगर विधानसभा क्षेत्र में रोड शो किया। कड़ी सुरक्षा के बीच मुख्यमंत्री खुली जीप में आप प्रत्याशी नवीन चौधरी उर्फ दीपू के साथ सवार हुए। कैलाश नगर लाल बत्ती से रोड शो शुरू हुआ, जो कैलाश नगर मार्केट, गांधी नगर मार्केट, राम नगर मार्केट , रघुवरपुरा होते हुए पुराना सीलमपुर पर समाप्त हुआ।
मुख्यमंत्री को देखने के लिए सड़कों के दोनों और आम लोगों की भीड़ लगी हुई थी। कार्यकर्ता अपने हाथों में झाडू लेकर आगे आगे चल रहे थे और नारे लगा रहे थे लगे रहो केजरीवाल। रोड शो में मुख्यमंत्री को गांधी नगर मार्केट की मुख्य रोड पर अतिक्रमण का सामना भी करना पड़ा। रघुवरपुरा में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को भाजपा के झंडे दिखाए और कहा कि दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। मुख्यमंत्री ने उनकी तरफ देखकर गर्मजोशी से हाथ हिलाया और आगे बढ़ गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में एक बार फिर से आम आदमी पार्टी की सरकार बनने जा रही है, गांधी नगर के व्यापारी आम आदमी पार्टी के साथ हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने हर एक क्षेत्र में कार्य किया है, शिक्षा, स्वास्थ्य, यातायात सुविधाएं बेहतर हुई हैं। यह आम जनता के सहयोग से ही सफल हो पाया है। दिल्ली के सरकारी स्कूल निजी स्कूलों से भी बेहतर हो गए हैं, अमीर से लेकर आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्ति तक अपने बच्चों को सरकारी स्कूल में पढ़ाना चाहता है। नवीन चौधरी ने कहा कि गांधी नगर व्यापारियों का गढ़ है, वह गांधी नगर के स्थानीय है। हर एक समस्या से वाकिफ हैं, भाजपा नेता निगम की ओर से र्सींलग की कार्रवाई करवाते हैं उस पर चुनाव जीतते ही वह रोक लगाएंगे।
कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री ने आप में करवाया शामिल
रोड शो से पहले मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आप प्रत्याशी नवीन चौधरी और आप नेता जुगल अरोड़ा व तपसी प्रधान के नेतृत्व में कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं को आप में शामिल करवाया। इसमें इशरत मामू, एहसान अली, जावेद सिद्दीकी, अकबर, मोहसिन खान, जफर, कबीर, विक्रम सूद, मनोज छाबड़ा उर्फ बिट्टू, एहसान कुरेशी, अन्नू, अनिल ठाकुर सहित कई लोग आप में शामिल हुए। आप के नेता मान रहे हैं कि इन कार्यकर्ताओं के आप में आने से पार्टी को काफी फायदा होगा।