AAP का भाजपा से सवाल, अनधिकृत कॉलोनियों पर क्यों बोला जा रहा झूठ
आप का कहना है कि अब केंद्र सरकार और भाजपा कह रही है कि अनधिकृत कॉलोनियों को पक्का करने में छह माह लगेंगे।
नई दिल्ली, जेएनएन। आम आदमी पार्टी (AAP) ने भाजपा से पूछा है कि जब केंद्र सरकार और दिल्ली भाजपा ने तीन माह पहले दो माह के अंदर अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित कर देने का वादा किया था तो अब क्यों जनता को गुमराह कर रही है? आप का कहना है कि अब केंद्र सरकार और भाजपा कह रही है कि अनधिकृत कॉलोनियों को पक्का करने में छह माह लगेंगे।
पुलिस ने रोका रास्ता
इसके विरोध में शनिवार को आप के नेता व कार्यकर्ता भाजपा मुख्यालय पर प्रदर्शन करने जा रहे थे। लेकिन, पुलिस ने मुख्यालय से पहले ही बैरिकेड लगाकर इन्हें रोक लिया। इस दौरान पुलिस व आप कार्यकर्ताओं के बीच धक्कामुक्की भी हुई। इसके बाद गोपाल राय व पार्टी नेता सौरभ भारद्वाज ने दीनदयाल उपाध्याय मार्ग ही कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। राय ने कहा कि अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित करने के नाम पर भाजपा ने जनता को धोखा दिया है। इसलिए धोखा दिवस के रूप में यह आयोजन किया गया है।
कांग्रेस की भांति भाजपा दे रही धोखा
राय ने कहा कि कांग्रेस की ही भांति भाजपा ने भी दिल्ली की अनधिकृत कॉलोनियों में रहने वाली जनता को धोखा देने की कोशिश की है। एक तरफ आप सड़क पर अनधिकृत कॉलोनी के लिए लड़ाई लड़ रही है, तो वहीं भाजपा के नेता अपने मुख्यालय में बैठकर दिल्ली में सरकार बनाने की कवायद में लगे हुए हैं।
दिल्ली सरकार कर रही भरपूर कोशिश
दिल्ली सरकार कोशिश कर रही है कि दिल्ली की अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित किया जाए। इन कॉलोनियों के लोगों को उनका मालिकाना हक मिले। दिल्ली सरकार ने कैबिनेट में प्रस्ताव पास करके केंद्र के पास भेजा, परंतु केंद्र सरकार उसे लेकर बैठी रही, उस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। इसके बावजूद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की अनधिकृत कॉलोनियों में 5000 करोड़ रुपये की लागत से नालियां, सड़कें व सीवर और पानी की पाइप लाइनों को डलवाने का काम किया है।