Delhi Election 2020: AAP का जवाबी हमला, अमित शाह आरोप लगाएं, फर्जी वीडियो न जारी करें
Delhi Election 2020 AAP नेता पंकज गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में सरकार द्वारा कराए गए विकास कार्यों पर चुनाव लड़ा जा रहा है।
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव पंकज गुप्ता ने पिछला लोकसभा चुनाव चांदनी चौक सीट से लड़ा था। वह इस समय दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव अभियान समिति के निदेशक हैं। दिल्ली में चुनाव के लिए रणनीति में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। आम आदमी पार्टी इस बार अरविंद केजरीवाल के रोड शो पर अधिक जोर दे रही है। पार्टी की ओर से नुक्कड़ नाटक किए जा रहे हैं। प्रचार अभियान को लेकर वीके शुक्ला ने पंकज गुप्ता से बात की। प्रस्तुत हैं बातचीत के मुख्य अंश:
AAP विधानसभा चुनाव किन मुद्दों पर लड़ रही है?
- मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में सरकार द्वारा कराए गए विकास कार्यों पर चुनाव लड़ा जा रहा है। बिजली, पानी, शिक्षा, सड़क, फ्लाईओवर आदि जितने भी विकास कार्य कराए हैं, उन पर लड़ा जा रहे हैं। हमने किसान, जवान, माताओं बहनों की सुरक्षा के लिए, फ्री बस की यात्र के लिए, बुजुर्गों की तीर्थ यात्र के साथ साथ मुफ्त बिजली-पानी के जो कार्य कराए हैं। ये सब हमारे चुनावी मुद्दे हैं।
AAP ने ‘मेरा वोट काम को’ अभियान शुरू किया है। इसका क्या उद्देश्य है?
- इसका मकसद लोगों को यह बताना है कि केजरीवाल सरकार के काम पर वोट देना है। हम जहां भी जा रहे हैं, लोग यही कह रहे हैं कि हम केजरीवाल के कामकाज से प्रभावित हैं। इस अभियान का मकसद लोगों को आम आदमी पार्टी से जोड़ना है।
इस बार AAP कितनी सीटें जीत रही है?
- हम 70 में से 70 सीटें जीतेंगे। मैं यह बात दावे के साथ कह रहा हूं। जिस तरह से दिल्ली में हमारी पार्टी के प्रति माहौल है। इससे हमें उम्मीद ही नहीं पूरा विश्वास है कि हम पिछली बार से भी बेहतर करेंगे।
भाजपा दिल्ली में सीएए को मुद्दा बना रही है, आपका क्या कहना है?
-भाजपा मुद्दाविहीन पार्टी है। उनके पास कोई मुद्दा नहीं है और ही कोई एजेंडा है। बगैर कैप्टन के चुनाव लड़ा जा रहा है। उनके पास मुख्यमंत्री पद के लिए कोई चेहरा तक नहीं है। वह कुछ भी करें, इस बार दिल्ली की जनता वोट बिजली, पानी चिकित्सा व शिक्षा पर देने जा रही है। दिल्ली में हर ओर केजरीवाल सरकार की बात हो रही है।