दिल्ली के दिग्गज नेता भी अनाधिकृत कॉलोनियों में मनाएंगे दिवाली, आलाकमान का फरमान
भारतीय जनता पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दिल्ली के नेताओं से कहा है कि वे अनाधिकृत कॉलोनियों में जाकर दिवाली मनाएं और यहां पर रह रहे लोगोंं को त्योहार की बधाई दें।
नई दिल्ली, एएनआइ। Delhi Assembly Election 2020: जनवरी में संभावित दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 के मद्देनजर सत्तासीन आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के साथ सभी प्रमुख दलों ने चुनावी तैयारी शुरू कर दी है। इस कड़ी में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दिल्ली के नेताओं से कहा है कि वे अनाधिकृत कॉलोनियों में जाकर दिवाली मनाएं और यहां पर रह रहे लोगोंं को त्योहार की बधाई दें।
यहां पर बता दें कि 23 अक्टूबर को दिल्ली में विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले केंद्र में सत्तासीन मोदी सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए दिल्ली में अनियमित कॉलोनियों को नियमित करने का फैसला लिया है। इससे करीब 40 लाख परिवारों को लाभ होगा।
निर्धनों के साथ मनाएं दिवाली: इंद्रेश
वहीं, पूर्वी दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार ने कहा कि दिवाली भारत का सबसे बड़ा त्योहार है। यह ऐसा त्योहार है जिसे अगर निर्धन परिवार के साथ मिलकर मनाया जाए तो इसकी खुशी दोगुनी हो जाती है। असल में यही लक्ष्मी पूजन है। श्री कुमार इंद्रप्रस्थ मानव सेवा समिति द्वारा धनतेरस के अवसर पर आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के साथ आयोजित दीपावली मिलन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। कार्यक्रम का आयोजन आराधना पार्क, आइपी एक्सटेंशन में किया गया था। संस्था द्वारा यह आयोजन पिछले पांच वर्षों से लगातार किया जा रहा है।
संस्था के अध्यक्ष संजय गुप्ता ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य उन लोगों को उपहार देकर दिवाली मनाना है जो आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित हैं। पांच हजार लोगों को मिठाई और साड़ी उपहार में दी गई। इस कार्यक्रम के तहत करीब सात घंटे तक लोगों को उपहार देने का सिलसिला चलता रहा। पाकिस्तान से विस्थापित 130 परिवारों को भी उपहार दिए गए। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक जुगल किशोर, दयानंद जी, सेवा भारती दिल्ली अध्यक्ष तरुण गुप्ता, अखंड भारत मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप आहूजा, क्षेत्रीय विधायक ओमप्रकाश शर्मा और उपमहापौर संजय गोयल, निगम पार्षद अपर्णा गोयल सहित समाज के कई गणमान्य लोग मौजूद थे।
दिल्ली-NCR की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक