Move to Jagran APP

EXCLUSIVE: NRC पर AAP का क्या है रुख, दिल्ली प्रभारी संजय सिंह ने दिया बड़ा बयान

NRC के मुद्दे पर संजय सिंह ने कहा कि 1971 से पहले के जो लोग दिल्ली में रह रहे हैं वही दिल्ली में रह सकते हैं। उन्हें इस बात का प्रमाण देना होगा।

By Mangal YadavEdited By: Published: Mon, 07 Oct 2019 07:50 AM (IST)Updated: Mon, 07 Oct 2019 09:16 AM (IST)
EXCLUSIVE: NRC पर AAP का क्या है रुख, दिल्ली प्रभारी संजय सिंह ने दिया बड़ा बयान
EXCLUSIVE: NRC पर AAP का क्या है रुख, दिल्ली प्रभारी संजय सिंह ने दिया बड़ा बयान

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 (Delhi Assembly election 2020) को लेकर दिल्ली में सुगबुगाहट शुरू हो चुकी है। सभी दल चुनाव को लेकर तानाबाना बुन रहे हैं। दिल्ली में सत्तासीन आम आदमी पार्टी भी आगामी चुनाव को लेकर जोरशोर से लगी हुई है। आम आदमी पार्टी ने पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता व राज्यसभा सदस्य संजय सिंह को दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए प्रभारी नियुक्त किया है। चुनाव को लेकर आप की क्या रणनीति है इस पर उनसे वी. के. शुक्ला ने बात की। प्रस्तुत हैं बातचीत के मुख्य अंश।

loksabha election banner

सवालः दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 के लिए आम आदमी पार्टी की ओर किस तरह की रूपरेखा बना रहे हैं?

जवाबः दिल्ली विधानसभा का यह चुनाव सकारात्मक राजनीति बनाम नकारात्मक राजनीति का है। एक तरफ भाजपा है जो मुद्दाविहीन है। नकारात्मक मुद्दों को लेकर आ रही है। वहीं दूसरी ओर आम आदमी पार्टी है जो साढ़े चार साल में कराए गए विकास कार्यों को सामने लेकर आ रही है। हम विकास की बात कर रहे हैं।

सवालः क्या दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर आप की तैयारी शुरू हो चुकी है?

जवाबः बिल्कुल, हमारी तैयारी शुरू हो चुकी है। इसी के तहत हम काम कर रहे हैं। जनसंवाद अभियान के बाद अब हम आपन पूर्वाचल अभियान शुरू करने जा रहे हैं। यह अभियान 6 अक्टूबर से शुरू होकर 20 नवंबर तक चलेगा। इसके तहत पूर्वाचल के लोगों से संपर्कसाधा जाएगा। इसके अलावा दूसरे अभियान भी शुरू करेंगे। जिनके माध्यम से चुनाव तक लगातार पार्टी जनता के संपर्क में रहेगी।

सवालः करीब एक माह तक चले जनसंवाद अभियान में क्या बातें निकल कर आईं?

जवाबः इस बारे में विस्तार से जानकारी गोपाल राय ही दे पाएंगे। मगर मोटे तौर पर लोगों ने दिल्ली की हमारी सरकार की हर तरह से सराहना की है। किसी ने बताया है कि उनके बेटे का दाखिला किसी नामी स्कूल में हो गया है जिसके बारे में वह सोच भी नहीं सकते थे। वहीं किसी ने बताया कि उसका अस्पताल में लाखों रुपये में होने वाला इलाज मुफ्त में हो गया। लोगों ने बताया कि उनके बिजली पानी के बिल माफ हो गए हैं। किसी का जीरो बिजली का बिल आ रहा है किसी का पांच रुपये या दस रुपये बिल आ रहा है।

सवालः एनआरसी (राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर) को लेकर आम आदमी पार्टी का क्या रुख है?

जवाबः पहले यह जानने की जरूरत है कि एनआरसी है क्या, 1971 से पहले के जो लोग दिल्ली में रह रहे हैं वही दिल्ली में रह सकते हैं। उन्हें इस बात का प्रमाण देना होगा कि वे 1971 से पहले से दिल्ली में रह रहे हैं। यानी जो दिल्ली में 1971 से पहले का होगा वही रह पाएगा। यानी असम और दूसरे राज्यों की तरह भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी दिल्ली से भी उत्तर प्रदेश व बिहार के लोगों को भगाना चाहते हैं। दूसरी बात यह है कि क्या मनोज तिवारी बताएंगे कि उन्होंने कितने बांग्लादेशियों को देश से बाहर कराया है, एक का भी वह नाम बता दें।

सवालः आम आदमी पार्टी दिल्ली में भाजपा की तरफ मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर क्यों चिंतित है? इसे लेकर आप के नेता भाजपा नेता विजय गोयल के आवास पर प्रदर्शन कर चुके हैं? इसके पीछे क्या मकसद है?

ये भी पढ़ेंः GRAP implement in delhi & NCR: दिल्ली समेत 4 राज्यों के अफसरों की अहम बैठक

जवाबः दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा हमारे सामने मुख्य विपक्षी दल है। हम यही तो उनसे कह रहे हैं कि वह दिल्ली में चुनाव लड़ने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री चेहरा भी तो कोई होगा। उन्हें नाम बताने में क्या परेशानी है, जबकि आज भाजपा में मुख्यमंत्री पद के लिए राज्यसभा सदस्य विजय गोयल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी और दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता दावेदारी कर रहे हैं। हम इस मुद्दे को लेकर शांत होकर बैठने वाले नहीं हैं। इस मुद्दे को उठाते रहेंगे। पूर्वांचल अभियान में भी भाजपा से इस बारे में सवाल पूछा जाएगा।

दिल्‍ली-एनसीआर की खबरों को पढ़ने के लिए यहां करें क्‍लिक 

ये भी पढ़ेंः दिल्ली विद्युत विनियामक आयोग ने निजी बिजली कंपनियों पर लगाया करोड़ों का जुर्माना


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.