Move to Jagran APP

छत्तीसगढ़ सरकार ने दिया 19 रूपये के घाव पर 5 रूपये का चुनावी मरहम

सरकार की यह राहत चुनाव पर कितना असर डालेगी यह तो दिसंबर में चुनाव परिणाम जारी होने पर ही पता चल पाएगा।

By Ravindra Pratap SingEdited By: Published: Thu, 04 Oct 2018 10:21 PM (IST)Updated: Thu, 04 Oct 2018 10:41 PM (IST)
छत्तीसगढ़ सरकार ने दिया 19 रूपये के घाव पर 5 रूपये का चुनावी मरहम

रायपुर, नईदुनिया। महंगाई के दौर में पेट्रोल-डीजल की कीमतों ने जनता के जख्म को गहरा कर दिया है। इस पर तीन महीने से हर रोज हो रही बढ़ोतरी से जख्म नासूर बनने लगा था। ऐसे में चुनाव के मुहाने पर खड़ी सरकार को वोट की चिंता सताने लगी। केंद्र और राज्य की सरकारों ने मिलकर जनता के जख्मों पर पांच रुपये का चुनावी महरम लेप दिया। हालांकि तीन महीने में पेट्रोल करीब 19 रुपये प्रति लीटर महंगा हो चुका है। अकेले सितंबर में ही कीमत सवा चार रुपये बढ़ी है। सरकार की यह राहत चुनाव पर कितना असर डालेगी यह तो दिसंबर में चुनाव परिणाम जारी होने पर ही पता चल पाएगा।

loksabha election banner

तीन महीने बाद मिली राहत

पेट्रोल और डीजल की कीमतें बीते तीन महीने से लगातार बढ़ रही हैं। जून के बाद से एक भी बार कीमत घटी नहीं है, अलबत्ता हर रोज बढ़ी है। 28 जून को पेट्रोल 64.89 व डीजल 58.65 रुपये प्रति लीटर था। इससे ठीक एक महीने पहले 28 मई को पेट्रोल 78.64 और 74.67 रुपये प्रति लीटर था। कारोबारियों के अनुसार 28 जून से जब कीमतों ने चढ़ना शुरू किया तो एक भी बार पीछे मुड कर नहीं देखा। अब पांच रुपये की राहत मिली है।

एक महीने में सवा चार रुपये की बढ़ोतरी

पिछले महीने तीन सितंबर को रायपुर में पेट्रोल की कीमत 76.64 रुपये थी। 30 सितंबर को यह बढ़कर 83.80 प्रति लीटर हो गई। करीब महीनेभर में ही कीमत 4.16 रुपये प्रति लीटर बढ़ी।

अब भी 15 रुपये से अधिक की कमाई

छत्तीसगढ़ में पेट्रोल और डीजल पर 25 फीसद वैट लगाया जा रहा था। चार फीसद कम करने के बाद अब सरकार 21 फीसद वैट वसूलेगी। ऐसे में प्रति लीटर पेट्रोल की बिक्री पर करीब 15 व डीजल पर 13 रुपये की कमाई सरकार को होगी।

पेट्रोल पर दो और डीजल पर एक रुपये अतिरिक्त

छत्तीसगढ़ सरकार पेट्रोल और डीजल पर वैट के अलावा प्रदूषण शुल्क/सेस वसूलती है। इसकी दर पेट्रोल पर दो रुपये और डीजल पर एक रुपये प्रति लीटर है।

कीमतों में केवल 2.88 का अंतर

पेट्रोल और डीजल की कीमत के बीच अब केवल 2 रुपये 88 पैसे प्रति लीटर का अंतर रह गया है, जबकि इस वर्ष जनवरी में यह अंतर करीब छह रुपये का था।

कीमत में उतार-चढ़ाव

तारीख                         पेट्रोल                         डीजल

01 जनवरी                   70.49                       64.53

21 मई                        76.97                       73.22

28 जून                       64.89                       58.65

01 अगस्त                  76.66                       73.25

01 अक्टूबर                 84.04                       81.04

(नोट- कीमत प्रति लीटर है)


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.