गोंडवाना गणतंत्र पार्टी नहीं देगी जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ का साथ, मजबूत हो जाएगा 'हाथ'
छत्तीसगढ़ में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का जोगी की जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ से गठनबंध नहीं होगा। गोंगपा सुप्रीमो हीरा ने कहा कि कहा कि जोगी के साथ गठबंधन की कोई संभावना नहीं है।
नईदुनिया, बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गोंगपा) का जोगी की जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जकांछ) से गठनबंध नहीं होगा। गोंगपा सुप्रीमो हीरा सिंह मरकाम ने कहा कि कहा कि जोगी के साथ गठबंधन की कोई संभावना नहीं है। लेकिन, कांग्रेस के साथ संभावना बनी हुई है। 14 अक्टूबर को नई दिल्ली में मध्य प्रदेश छत्तीसगढ की आदिवासी पार्टियां एकत्र हो रही हैं। वहां से हम नई रणनीति बनाकर चुनाव मैदान में उतरेंगे। लिहाजा कांग्रेस के रणनीतिकारों की भी इस पर नजर रहेगी। सामाजिक बैठक के बाद गोंगपा प्रमुख की कांग्रेस के आला नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक होगी।
अब आठ सीटों की मांग
गोंगपा ने कांग्रेस से अब छत्तीसगढ़ में अपने प्रभाव वाली पाली तानाखार, कोटा, मरवाही, बेलतरा जैसी आठ सीटों की मांग की है। हालांकि कांग्रेस नेतृत्व इसके लिए भी तैयार नहीं हुआ। मरकाम को कहना है कि हमारी लड़ाई भाजपा से है। भाजपा को हर हाल में सत्ता में आने से रोकना हमारा राजनीतिक मकसद है। वैसे भी हम उन्हीं सीटों पर लड़ रहे हैं जहां भाजपा का प्रभाव ज्यादा है। लिहाजा कांग्रेस को इस पर आपत्ति नहीं होनी चाहिए।
जोगी से कोई समझौता नहीं
मरकाम ने कहा की जोगी की पार्टी के साथ हमारा कोई समझौता नहीं हो सकता। हम आदिवासियों के विकास और आदिवासी लोगों को आगे लाने की बात करते हैं, दूसरे लोग खुद की कमाई की बात करते हैं।