एक्जिट पोल से कांग्रेस में उत्साह, छत्तीसगढ़ में सीएम के दावेदार पहुंचे दिल्ली
एक्जिट पोल ने छत्तीसगढ़ में 15 साल से निराश कांग्रेस में उत्साह भर दिया है।मुख्यमंत्री के दावेदार दिल्ली में जोड़तोड़ करने पहुंच गए हैं।
रायपुर, नईदुनिया। एक्जिट पोल ने छत्तीसगढ़ में 15 साल से निराश कांग्रेस में उत्साह भर दिया है। वहीं, संभावित नतीजे को देखते हुए पार्टी में मुख्यमंत्री के दावेदार दिल्ली में जोड़तोड़ करने पहुंच गए हैं। इसमें पीसीसी अध्यक्ष भूपेश बघेल, नेता-प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत और सांसद ताम्रध्वज शामिल हैं।
इनके अलावा आदिवासी नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री अरविंद भी दिल्ली पहुंच गए हैं। रविवार को सोनिया गांधी का जन्मदिन है, उन्हें बधाई देने के बहाने दिल्ली पहुंचे आला नेताओं ने अपने समर्थकों के साथ शक्ति प्रदर्शन किया है।
मतगणना पूर्व आए संभावित नतीजों ने कांग्रेस के भीतर हलचल तेज कर दी है। मुख्यमंत्री पद को लेकर दावेदारों ने अपने-अपने स्तर पर लॉबिंग शुरू कर दी है। सिंहदेव तो शुक्रवार को ही दिल्ली पहुंच गए थे। वहीं, बघेल और दूसरे नेता शनिवार को दिल्ली में नजर आए। पार्टी सूत्रों की मानें तो मुख्यमंत्री के दावेदार नेताओं ने राष्ट्रीय स्तर के अलग-अलग नेताओं से मुलाकात की है।
हालांकि, यह भी कहा जा रहा है कि पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री का नाम तय करने के लिए पहले ही सर्वे करा लिया है। रविवार को सिंहदेव को छोड़कर सभी नेता छत्तीसगढ़ लौट आएंगे। सिंहदेव दिल्ली से रांची होकर फ्लाइट से सीधे अंबिकापुर पहुंचेंगे।
आला नेताओं के अलावा दिल्ली पहुंचने वालों में राज्यसभा सदस्य छाया वर्मा, महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष फूलोदेवी नेताम, बस्तर संभाग के विधायक मोहन मरकाम, दीपक बैज भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री के दावेदार नेताओं ने अपने समर्थकों के साथ बैठक की तो किसी ने साथ में लंच भी किया।
कर्नाटक भेजे जा सकते हैं जीतने वाले प्रत्याशी
पार्टी सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस सरकार बनाने की स्थिति में रहती है तो जीते हुए प्रत्याशियों को तत्काल रायपुर बुलाया गया है। बस्तर और सरगुजा से जीते हुए प्रत्याशियों को लाने के लिए हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल किया जा सकता है। यहां आने के बाद सभी को गोपनीय स्थान के लिए रवाना किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक उन्हें कर्नाटक भेजा जा सकता है।