CG Election 2018: एक्जिट पोल के बाद छत्तीसगढ़ में सोशल मीडिया में भिड़े नेता
Chhattisgarh Chunav 2018 छत्तीगसढ़ के परिणाम को लेकर एक्जिट पोल बंटे हुए हैं। आधे कांग्रेस तो आधे भाजपा की सरकार बना रहे हैं।
रायपुर, नईदुनिया, राज्य ब्यूरो। विधानसभा चुनाव के परिणाम से पहले आए एक्जिट पोल को लेकर राजनीतिक दलों के नेता सोशल मीडिया पर भिड़ गये हैं। छत्तीगसढ़ के परिणाम को लेकर एक्जिट पोल बंटे हुए हैं। आधे कांग्रेस तो आधे भाजपा की सरकार बना रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस नेताओं उन एक्जिट पोल को सोशल मीडिया में पोस्ट कर रहे हैं, जिसमें कांग्रेस की सरकार बनती नजर आ रही है। वहीं, भाजपा नेता भी अपनी सरकार बनाने वाले एक्जिट पोल को पोस्ट करके प्रदेश में चौथी बार सरकार बनाने का दावा कर रहे हैं।
जीत-हार के दावों के बीच सोशल मीडिया में हो रही रोचक भिड़ंत का यह नजारा पहली बार देखने को मिल रहा है, जिसमें कांग्रेस नेता अतिउत्साहित हैं। पिछले तीन चुनावों को देखें तो एक्जिट पोल के बाद कांग्रेस नेताओं में इतना उत्साह नजर नहीं आया था। वहीं, भाजपा नेता दावा कर रहे हैं कि 2018 के चुनाव में भी एक्जिट पोल में पार्टी को कम सीट मिलती दिखाई गई थी, लेकिन परिणाम उलट आया। इस चुनाव में भी बाजी मारेंगे।
भाजपा नेता पंकज झा ने एक पोस्ट किया है। इसमें लिखा कि जो एकमात्र सर्वे कांग्रेस की सरकार बना रहा है, उसके अनुसार भी कांग्रेस के सभी नेताओं की लोकप्रियता को जोड़ लें, फिर भी वे डॉ रमन सिंह से ज्यादा लोकप्रिय नहीं है। वह भी 15 साल के बाद। क्या मुकाबला करेंगे ये कांग्रेस के लिलिपुट। झा ने एक दोहा भी पोस्ट किया। भूप(भूपेश) सहस दस एकहि बारा, लगहि उठावन टरहि न टारा। कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला ने लिखा, आ रही है कांग्रेस, परिवर्तन मांगे सारा देश।
आम आदमी की राय भी अलग-अलग
सोशल मीडिया पर आम आदमी भी एक्जिट पोल को लेकर राय दे रहा है। जितेंद्र पांडेय ने लिखा-हम रोज 50 लोगों से बात करके तय नहीं कर पा रहे हैं कि हमारी अपनी विधानसभा का क्या रिजल्ट होगा। एक्जिट पोल के रिजल्ट को कितना सही मानें। सौरभ तिवारी ने लिखा-अगर आप फलानी पार्टी के समर्थक हैं, तो फलाने और अगर आप ढिकानी पार्टी के समर्थक हैं तो ढिकाने चैनल के एक्जिट पोल से 11 दिसंबर तक खुद को तसल्ली देते रहें।