विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 18, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

CG Election 2023: मतदान के बाद भिलाई में बवाल, कांग्रेसियों पर बरसीं लाठियां; ईवीएम को लेकर मचा हंगामा

By Jagran NewsEdited By: Jeet Kumar
Published: Sat, 18 Nov 2023 06:30 AM (IST)

ईवीएम से छेड़छाड़ करवाने के आरोप में भाजपाइयों से पिटे कांग्रेस पार्षद के समर्थन में आए कांग्रेसियों पर अर्धसैनिक बलों ...और पढ़ें

मतदान के बाद भिलाई में बवाल, कांग्रेसियों पर बरसीं लाठियां
मतदान के बाद भिलाई में बवाल, कांग्रेसियों पर बरसीं लाठियां

 जेएनएन, भिलाई। दिनभर लगभग शांतिपूर्ण तरीके से जिले के सभी छह विधानसभा सीटों पर मतदान संपन्न होने के बाद रात में भिलाई नगर विधानसभा में जमकर बवाल हुआ। मतदान केंद्र से मतदान सामग्री को सीधे स्ट्रांग रूम न ले जाकर कहीं और ले जाने की बात पर शुरू हुए विवाद ने रात तक बड़ा रूप ले लिया।

थाने में की गई मारपीट करने वालों के खिलाफ शिकायत

ईवीएम से छेड़छाड़ करवाने के आरोप में भाजपाइयों से पिटे कांग्रेस पार्षद के समर्थन में आए कांग्रेसियों पर अर्धसैनिक बलों के जवानों लाठियां चलाईं। जैसे-तैसे पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद बड़ी संख्या में कांग्रेसी भिलाई नगर थाना पहुंचे और पार्षद से मारपीट करने वालों के खिलाफ शिकायत की।

जानकारी के अनुसार विवाद की शुरुआत सेक्टर-सात बीएसपी स्कूल से हुई। बताया जा रहा है कि शंकरा विद्यालय सेक्टर-10 के मतदान केंद्र में मतदान संपन्न होने के बाद वहां की ईवीएम को स्ट्रांग रूम के लिए रवाना किया गया। लेकिन ईवीएम को स्ट्रांग रूम न ले जाकर सेक्टर-सात बीएसपी स्कूल ग्राउंड ले जाया गया। भाजपा के बूथ अभिकर्ताओं ने ईवीएम को वहां ले जाते देखा तो उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों को इसकी जानकारी दी।

भिलाई नगर विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी प्रेमप्रकाश पांडेय के पुत्र मनीष पांडेय अन्य भाजपाई वहां पहुंचे। वहां पर मनीष पांडेय और वहां उपस्थित सेक्टर-सात के पार्षद उमेश साहू के बीच ईवीएम को कहीं और ले जाने की बात को लेकर बहसबाजी हुई। इसके बाद मारपीट की भी घटना हुई।

यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में नक्‍सलियों का पोलिंग पार्टी पर हमला, ITBP का जवान शहीद; मौके पर पहुंचा भारी सुरक्षाबल

कांग्रेस पार्षद उमेश साहू को पीटा

कांग्रेसियों का आरोप है कि मनीष पांडेय की मौजूदगी में चिन्ना, हरिया और अमरा नाम के लोगों ने पार्षद उमेश साहू को बेदम पीटा। पुलिस को इसकी खबर लगी तो पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले को शांत कराया और मारपीट करने वालों को उनके घर पहुंचा दिया।

इसके बाद कांग्रेसी आक्रोशित हो उठे और सेक्टर-सात में उनकी भीड़ जमा हो गई। बढ़ती भीड़ और तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए अर्धसैनिक बलों के जवानों ने कांग्रेसियों पर लाठियां चलाईं। फिर वहां पर बड़ी संख्या पुलिस के अधिकारी पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव और बड़ी संख्या में कांग्रेसी भिलाई नगर थाना पहुंचे। पार्षद उमेश साहू ने मनीष पांडेय, हरिया, अमरा और चिन्ना पर मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की।

यह भी पढ़ें- 'EVM मशीन सुरक्षित', गरियाबंद में नक्‍सलियों का पोलिंग पार्टी पर हमला; ITBP जवान बलिदान

बाकि जगह शांतिपूर्ण हुआ मतदान

जिले के बाकी पांच विधानसभा वैशाली नगर, दुर्ग शहर, दुर्ग ग्रामीण, पाटन और अहिवारा में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान हुआ। अर्धसैनिक बलों की 44 कंपनी और जिला पुलिस बल के जवानों ने मिलकर चुनाव की कमान संभाली। सभी मतदान केंद्रों पर करीब सात हजार जवानों को तैनात किया गया था। एसएसपी राम गोपाल गर्ग और अन्य अधिकारी लगातार सभी केंद्रों पर पहुंचकर वहां की स्थिति देखते रहे।