CG Election 2018 : भाजपा के रणनीतिकारों ने कंट्रोल रूम से रखी मतदान पर नजर
CG Election 2018 : कहीं बूथ पर गड़बड़ी मिल रही थी, तो कंट्रोल रूम के तैनात पदाधिकारी मोर्चा संभाल रहे थे। तत्काल जिला निर्वाचन अधिकारी से संपर्क करके शिकायत की जा रही थी।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में विधानसभा के दूसरे चरण के मतदान में वोटिंग के साथ ही भाजपा नेताओं की धड़कन बढ़ती जा रही थी। भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में कंट्रोल रूम बनाया गया था, जहां से सभी 72 सीटों पर नजर रखी जा रही थी।
भाजपा नेता सुभाष राव, नरेश गुप्ता पल-पल की रिपोर्ट ले रहे थे। कहीं बूथ पर गड़बड़ी मिल रही थी, तो कंट्रोल रूम के तैनात पदाधिकारी मोर्चा संभाल रहे थे। तत्काल जिला निर्वाचन अधिकारी से संपर्क करके शिकायत की जा रही थी।
दोपहर एक बजे प्रदेश कार्यालय सूचना पहुंची की पाटन विधानसभा में बूथ कार्यकर्ता गायब हो गया। नरेश गुप्ता ने तत्काल इसकी शिकायत निर्वाचन अधिकारी से की। प्रदेशभर में हर सीट पर मतदान प्रतिशत पर नजर रखने के लिए आला नेताओं की टीम तैनात की गई थी।
वहीं सोशल मीडिया पर भी भाजपा की टीम मोर्चा संभाले हुए थे। भाजपा नेता पंकज झा और हेमंत पाणिग्रही लगातार सोशल मीडिया पर पार्टी के पक्ष में पोस्ट कर रहे थे और कांग्रेस के आरोपों का जवाब भी दे रहे थे। आला नेताओं के वोट करने की सूचना का जिम्मा भी एक टीम को सौंपा गया था।
कार्यकर्ता ने कार्यालय के बाहर डाला डेरा
भाजपा कार्यकर्ताओं ने कार्यालय के बाहर डेरा डाले रखा। कार्यकर्ता पूरे दिन वोट प्रतिशत के आधार पर जीत-हार का गुणा-गणित लगाते रहे। राजधानी से लेकर सरगुजा तक हर सीट का आकलन किया जा रहा था। अलग-अलग टीवी पर चल रही डिबेट के आधार पर मुद्दे भी तय किये जा रहे थे।
हम विशाल विजय की ओर हैं : कौशिक
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि लोकतंत्र की इस महोत्सव में सबने उत्साह से हिस्सा लेकर सबले बढ़िया छत्तीसगढ़िया की परम्परा को मजबूत किया हैं। हमेशा की तरह छत्तीसगढ़ की जनता ने हमें अपार समर्थन दिया हैं। चौथी बार जन आशीर्वाद से भाजपा की सरकार प्रदेश में बन रही हैं।