CG Election 2018 : CM का नाम तय होने से पहले मंत्रियों की कई सूची वायरल
CG Election 2018 : किसी सूची में सत्यनारायण को बनाया विधानसभा अध्यक्ष, तो किसी में मंत्रीं
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री का नाम तय होने से पहले ही मंत्रियों की सूची सोशल मीडिया में वायरल होने लगी। संभावित मंत्रिमंडल की एक नहीं, बल्कि चार से पांच सूचियां सोशल मीडिया में देखने को मिलीं।
किसी सूची में वरिष्ठ विधायक सत्यनारायण शर्मा को विधानसभा अध्यक्ष बनाया तो किसी में स्कूल शिक्षा मंत्री। ऐसे ही कोई डॉ. चरणदास महंत को उपमुख्यमंत्री बना दिया तो किसी ने गृह मंत्री बनाया। हालांकि, सभी सूची में ज्यादातर विधायकों के नाम एक जैसे ही देखने को मिले।
मंत्रियों की वायरल सूची में विधायक शर्मा और डॉ. महंत के अलावा धनेंद्र साहू, रविंद्र चौबे, ताम्रध्वज साहू, मोहम्मद अकबर, डॉ. शिवकुमार डहरिया, कवासी लखमा का नाम सभी में है। इनके विभाग अलग-अलग बताए जा रहे हैं। जैसे तीन सूची में धनेंद्र साहू कृषि एवं पशुपालन मंत्री बनाए गए हैं, तो चौथी सूची में उनका नाम जलसंसाधन व लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री में है।
दो सूची में सरगुजा संभाग के वरिष्ठ विधायक रामपुकार सिंह को विधानसभा अध्यक्ष बताया जा रहा है और सत्यनारायण शर्मा का नाम मंत्री की सूची में है। सूची वायरल करने वालों की पसंद वन मंत्री के रूप में विधायक व कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष कवासी लखमा हैं।
रविंद्र चौबे को दो सूचियों में नगरीय प्रशासन मंत्री बताया गया है, जबकि एक सूची में चौबे संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री और एक सूची में उच्च शिक्षा मंत्री बना दिया है। ऐसे ही मोहम्मद अकबर को दो सूची में स्वास्थ्य एवं संसदीय कार्य मंत्री बनाया है, तीसरी में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चौथी में खाद्य प्रसंस्करण व सहकारिता मंत्री बताया जा रहा है। इस तरह बाकी वरिष्ठ विधायकों अलग-अलग विभाग दिए गए हैं।
वायरल सूचियों में नए और युवा चेहरों को लेकर बात की जाए तो तीन सूची में उमेश पटेल का नाम है, जबकि एक सूची से उनका नाम गायब है। उनकी जगह विकास उपाध्याय का नाम दिया है। कांग्रेस सरकार में एक महिला मंत्री भी रहेगी। एक सूची में तो महिला मंत्री का नाम ही नहीं है, जबकि तीन सूची में अलग-अलग महिला विधायकों को मंत्री बनाया गया है। महिला विधायकों में अनिता शर्मा, डॉ. लक्ष्मी धु्रव व शकुंतला साहू का नाम अलग-अलग सूची में है।