CG Election 2018 : शाह ने लिया फीडबैक, रमन बोले-भाजपा विधायक चट्टान की तरह अडिग
CG Election 2018 : इस दौरान प्रदेश प्रभारी अनिल जैन, राष्ट्रीय महामंत्री सरोज पांडेय और संगठन के नेता हुए शामिल।
रायपुर। विधानसभा चुनाव के बाद आए एक्जिट पोल ने राजनीतिक दलों की धड़कनें बढ़ा दी है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने पांच राज्यों के प्रभारियों से एक्जिट पोल आने के बाद फीडबैक लिया। छत्तीसगढ़ से प्रदेश प्रभारी डॉ अनिल जैन, राष्ट्रीय महामंत्री सरोज पांडेय और प्रदेश संगठन के नेता मौजूद थे।
प्रदेश प्रभारियों ने अमित शाह को आश्वस्त किया कि छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बन रही है। मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने साफ किया कि सभी भाजपा विधायक पार्टी के साथ चट्टान की तरह अडिग हैं। खरीद-फरोख्त की स्थिति में पार्टी का कोई भी विधायक टूटने की स्थिति में नहीं है।
दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की बैठक में शामिल होने के बाद लौटी राष्ट्रीय महासचिव सरोज पांडेय ने दावा किया है कि तीन राज्यों में भाजपा की सरकार पूर्ण बहुमत के साथ बन रही है। पांडेय ने कहा कि छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बना रही है, वहीं राजस्थान में वसुंधरा राजे फिर से मुख्यमंत्री बन रही है।
उन्होंने बताया कि अमित शाह ने राष्ट्रीय महासचिवों, प्रदेश प्रभारी और संगठन के शीर्ष नेताओं की बैठक ली थी। बैठक एग्जिट पोल के बाद के प्रदेश के हालातों पर चर्चा हुई थी। बताया जा रहा है कि अमित शाह की टीम ने भी सभी 90 विधानसभा का फीडबैक लिया है। उम्मीदवारों से चर्चा के बाद यह अनुमान लगाया जा रहा है कि प्रदेश में भाजपा के 50 से 60 उम्मीदवार जीतने की स्थिति में है।
सौदान-रमन-जैन संभालेंगे रायपुर में मोर्चा
चुनाव परिणाम की मानिटरिंग के लिए भाजपा ने एकात्म परिसर में कंट्रोल रूम बनाया है। यहां राष्ट्रीय सहसंगठन महामंत्री सौदान सिंह, मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह और प्रदेश प्रभारी डॉ अनिल जैन मोर्चा संभालेंगे। इसके साथ ही विधानसभा प्रभारियों को सोमवार तक जिला मुख्यालय में पहुंचने का निर्देश दिया गया है। पूर्व संगठन महामंत्री रामप्रताप सिंह बस्तर में डेरा डालेंगे। वहीं संगठन महामंत्री पवन साय सभी 90 सीट पर नजर रखेंगे।