CG Chunav 2018: अब दूसरे चरण की सीटों पर छिड़ेगा स्टार वार, 9 प्रत्याशियों के साथ मंच साझा करेंगे पीएम मोदी
CG Election 2018 : चुनाव प्रचार का अंतिम आठ दिन शेष है। सभी पार्टी इन आठ दिनों में पूरी ताकत झोंकने वाली है।
बिलासपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बिलासपुर के साइंस कॉलेज मैदान में 12 नवंबर को सभा होगी। इसमें बिलासपुर और मुंगेली जिले के सभी नौ भाजपा प्रत्याशी पीएम के साथ मंच साझा करेंगे।
इधर भाजपा प्रत्याशी इस आयोजन में अपने-अपने क्षेत्र के अधिक से अधिक लोगों को लाने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाए हुए हैं। पुलिस और एसपीजी ने सुरक्षा की दृष्टि से फिलहाल पूरे कार्यक्रम स्थल को अपने कब्जे में ले रखा है। कार्यक्रम स्थल में विशाल डोम तैयार किया जा रहा है। मैदान में 40 से 45 हजार लोगों को एक साथ बैठाने की व्यवस्था हो रही है।
आज आएंगे योगी, भाजपा-कांग्रेस के स्टार प्रचारकों का दौरा शुरू
भिलाई। दीपावली की खुमारी खत्म होते ही चुनावी रंग फिर चढ़ गया है। भाजपा व कांग्रेस सहित अन्य दलों के स्टार प्रचारकों का दौरा शुरू हो गया है। चुनाव प्रचार का अंतिम आठ दिन शेष है। सभी पार्टी इन आठ दिनों में पूरी ताकत झोंकने वाली है। भाजपा में संगठन ने चुनावी कमान संभाल ली है।
भाजपा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री तथा फायर ब्रांड नेता योगी आदित्यनाथ की खासी डिमांड है, ऐसा संगठन का मानना है। योगी शनिवार को भिलाई में होंगे। वे वैशाली नगर के बैकुंठधाम तथा भिलाई नगर विधानसभा के अंडा चौक पर जनसभा को संबोधित करेंगे।
हेमामालिनी भी आएंगी
18 नवंबर तक भाजपा- कांग्रेस व जोगी कांग्रेस के स्टार प्रचारकों का रोज दौरा रहेगा। भाजपा के स्टार प्रचारक के तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, योगी आदित्य नाथ, डॉ रमन सिंह, राजनाथ सिंह, हेमा मालिनी, मनोज तिवारी जैसे कई नाम हैं। वहीं कांग्रेस के स्टार प्रचारक के रुप में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, राज बब्बर, नगमा का नाम है। जकांछ व बसपा गठबंधन में बसपा प्रमुख मायावती और अजीत जोगी ही स्टार प्रचारक हैं।