सीडी कांड छत्तीसगढ़ में बना चुनावी मुद्दा, भुनाने में जुटी भाजपा व कांग्रेस
छत्तीसगढ़ में सीडी कांड चुनावी मुद्दा बनता जा रहा है। भाजपा व कांग्रेस में इसको लेकर आरोपों-प्रत्यारोपों का सिलसिला शुरू हो गया है।
जेेएनएन, रायपुर। छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनाव में सीडी कांड की गाड़ी पर चढ़ने के लिए कांग्रेस-भाजपा में पटखनी का खेल तेज हो गया है। चुनावी मुद्दा बने सीडी कांड पर भाजपा सरकार और संगठन ने कांग्रेस को आक्रामक ढंग से निशाने पर लिया है। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह से लेकर मंत्री, विधायक और संगठन के पदाधिकारी कांग्रेस की ड्रामेबाजी को निशाना बना रहे हैं।
आइटी सेल के सदस्य सोशल मीडिया पर कांग्रेस के झूठे आरोपों की पोल कार्टून, वीडियो के माध्यम से खोल रहे हैं। उधर, कांग्रेस ने राजनीतिक लाभ लेने के लिए प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल को जेल तो भिजवा दिया, लेकिन दिक्कत यह रही कि प्रदेश में 14 दिन तक लगातार आंदोलन कैसे खड़ा किया जाए। यही वजह है कि अब भूपेश को जेल से बाहर लाया गया है।
मुख्यमंत्री व मंत्रियों ने भी संभाला मोर्चा
कांग्रेस ने भूपेश बघेल के जेल जाने को लेकर जमकर कैंपेन चलाया, लेकिन भाजपा ने इसके राजनीतिक लाभ को कम करने के लिए पलटवार करने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी। सबसे पहला वार मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि गंदा काम करेंगे तो जेल ही जाएंगे। इसके बाद कमान मंत्री अजय चंद्राकर ने संभाली और भूपेश के जेल में सत्याग्रह के बयान पर पलटवार किया। चंद्राकर ने कहा कि यह सत्याग्रह नहीं, सत्ता के लिए आग्रह है। जबकि कांग्रेस ने बिना तैयारी के ही पहले दिन जेल भरो आंदोलन कर दिया। दूसरे दिन ब्लॉक में आंदोलन, फिर जिलों में आंदोलन।
योजना के मुताबिक भूपेश को जेल में कम से कम 14 दिन रहना था। ऐसे में कांग्रेस यह रणनीति नहीं बना पाई कि किस तरह 14 दिन तक आंदोलन चलाया जाए। इस पर भी भाजपा ने पलटवार करने में देर नहीं की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने जमानत को भीख की संज्ञा दी।
कौशिक ने कहा कि जब कांग्रेस के स्क्रिप्ट राइटर पुनिया और हीरो बनने चले भूपेश को यह समझ में आ गया कि इस चैप्टर में वे खलनायक बनकर उभरे हैं, तो स्टोरी में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। छत्तीसगढ़ की राजनीति के जानकारों की मानें तो विधानसभा चुनाव सीडी कांड के इर्द-गिर्द मंडराता रहेगा। इसका लाभ उसे मिलेगा, जो जनता के बीच अपनी बातों को सही तरीके से पहुंचाने में सफल होगा। यही कारण है कि भाजपा में अब सत्ता, संगठन और आइटी सेल पूरे जोर-शोर के साथ सीडी का सच बताने में जुट गया है। जबकि भूपेश के जेल में रहने के कारण भाजपा के आरोपों पर कांग्रेस का करारा जवाब नहीं आ रहा है। कांग्रेस नेताओं के बयान भी संगठन की तैयारियों की पोल खोल रहे हैं।
भाजपा का सोशल मीडिया पर सुविचार
भाजपा ने सोशल मीडिया पर कबीर के दोहे से कांग्रेस पर निशाना साधा है। भाजपा ने ट्वीट किया-कबीर दास कहते हैं, जो तुम्हारे लिए परेशानी या मुसीबत खड़ी करे, तुम उसके आचरण के विरोध में भी अपने अच्छे विचार को बनाए रखो।