विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 12, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

छत्तीसगढ़ में नक्सल खौफ पर भारी लोकतंत्र, 70 फीसद हुआ मतदान

By Manish NegiEdited By:
Published: Mon, 12 Nov 2018 10:09 PM (IST)

पहले चरण की 18 सीटों में से 10 ऐसी थीं, जहां नक्सलियों ने वोटरों को चुनाव से दूर रहने की चेतावनी दी थी।

छत्तीसगढ़ में नक्सल खौफ पर भारी लोकतंत्र, 70 फीसद हुआ मतदान
छत्तीसगढ़ में नक्सल खौफ पर भारी लोकतंत्र, 70 फीसद हुआ मतदान

नई दुनिया, रायपुर। छत्तीसगढ़ में नक्सल प्रभावित 18 सीटों पर सोमवार को हुए मतदान में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रथम चरण में मतदाताओं के उत्साह और हौसले के आगे नक्सल खौफ को मैदान छोड़कर भागना पड़ा। लोकतंत्र की विजयश्री में बूथों पर जमकर वोट बरसे। इस बार इन सीटों पर करीब 70 फीसद मतदान हुआ है। मतदान प्रतिशत अभी बढ़ सकता है, क्योंकि अति दुर्गम क्षेत्रों में मतदान कराने वाली कई पोलिंग पार्टियों की रिपोर्ट आनी बाकी है। शेष 72 सीटों पर 20 नवंबर को दूसरे चरण का मतदान होगा।

पहले चरण की 18 सीटों में से 10 ऐसी थीं, जहां नक्सलियों ने वोटरों को चुनाव से दूर रहने की चेतावनी दी थी। यहां सुबह सात से दोपहर तीन बजे तक मतदान था, लेकिन कई केंद्रों पर शाम छह बजे तक मतदाताओं की लाइन लगी रही। सबसे ज्यादा 72 फीसद मतदान राजनांदगांव जिले की खुज्जी विधानसभा सीट पर हुआ, जबकि बीजापुर में सबसे कम 33 फीसद। राजनांदगांव सीट पर 70.50 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां से सीएम रमन सिंह के मुकाबले में कांग्रेस ने अटल बिहारी वाजपेयी की भतीजी करुणा शुक्ला को उतारा है। छत्तीसगढ़ के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुब्रत साहू ने बताया कि मतदान के यह आंकड़े प्रारंभिक हैं। इसमें बदलाव हो सकता है। 11 दिसंबर को चुनाव परिणाम आएगा।

ये भी जानें

  • 190 प्रत्याशियों का भाग्य तय
  • 18 सीटों पर प्रथम चरण में चुनाव
  • 12 सीटें बस्तर संभाग की
  • 06 सीटें राजनांदगांव जिले की
  • 4336 मतदान केंद्र बनाए गए थे
  • 30 संगवारी मतदान केंद्र थे
  • 31 लाख 79 हजार 520 मतदाता थे

सर्वाधिक मदतान (प्रतिशत में)

  • 72- खुज्जी
  • 71- चित्रकोट
  • 71- डोंगरगढ़
  • 71- डोंगरगांव
  • 70.5- राजनांदगांव