बाढ़ में दिखा वोटरों का उत्साह, किया 52.02 फीसद मतदान
बाढ़। बाढ़ विधानसभा चुनाव को लेकर मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की खुशी खूब झलकी।
बाढ़। बाढ़ विधानसभा चुनाव को लेकर मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की खुशी खूब झलकी। मतदान केंद्रों पर सुबह में मतदाताओं की भीड़ कम दिखी, लेकिन समय बीतने के साथ मतदाताओं की कतारें लगनी शुरू हो गई थीं।
सुबह नौ बजे तक क्षेत्र में आठ फीसद मतदान हुआ। 11 बजे तक 15.2, दोपहर एक बजे तक 28.17 फीसद, दोपहर तीन बजे 44.06, शाम पांच बजे तक 52 प्रतिशत और समाप्ति के समय तक 52.02 फीसद मतदान हुआ। विधानसभा क्षेत्र के बिहारीबीघा, दयालचक, शहरी, गुलाबबाग व बाढ़ शहर में सुबह में भीड़ रही। लेकिन दोपहर 12 बजे तक कुछ कम हुई। फिर दोपहर बाद मतदान केंद्रों पर वोटरों की तादाद बढ़ने लगी। मतदान व्यवस्था को लेकर रिटर्निग ऑफिसर डीसीएलआर मो. कलीमुद्दीन व एएसपी अम्बरीश राहुल दल-बल के साथ घूमकर जायजा लेते रहे। इससे पहले मतदान केंद्र संख्या-18 व 19ए मध्य विद्यालय बुधरा, अथमलगोला में ईवीएम में गड़बड़ी के कारण 10 मिनट विलंब हुआ। सूचना मिलते ही अधिकारियों ने तुरंत एक ईवीएम को बदल दिया। जबकि, दूसरे को ठीक कर चालू कराया गया। लालो कुंवर उच्च विद्यालय सबनीमा के बूथ-11 पर 86 वर्षीया महिला माझो देवी ने मतदान किया। सुरक्षा के लिए सभी बूथों पर सशस्त्र सुरक्षाबल लगे थे। जबकि, विभिन्न बूथों पर कोरोना संक्रमण को देखते हुए सभी केंद्रों पर आशा कार्यकर्ताओं ने तापमान की जांच की और हाथ को सैनिटाइज कराया। बाढ़ विधानसभा क्षेत्र में मुख्य मुकाबला भाजपा के ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू, कांग्रेस के सत्येंद्र बहादुर व निर्दलीय उम्मीदवार कर्मवीर सिंह उर्फ लल्लू मुखिया के बीच दिखा। मतदाताओं के अनुसार इन्हीं तीनों में कड़ी टक्कर रही।