जिन्हें काम करने का तजुर्बा नहीं वे सिर्फ बयानबाजी करते हैं, हमारा तो काम बोलता है: सीएम
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को सारण जिले के दो स्थानों पर चुनावी सभा को संबोधित किया।
छपरा मढ़ौरा /परसा। जिन्हें काम करने का तजुर्बा नहीं वैसे लोग लोग सिर्फ बयानबाजी कर रहे हैं। ऐसे लोगों से बचें। हम बात नहीं काम करते हैं। हमारा तो काम ही बोलता है। ये बातें बुधवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मढ़ौरा में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहीं। परसा में सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने लालू-राबड़ी की बहू ऐश्वर्या राय का मामला उठाते हुए कहा कि आपने देखा कि एक पढ़ी-लिखी लड़की के साथ कितना गंदा व्यवहार किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज से 15 साल पहले क्या स्थिति थी और आज क्या है यह साफ दिख रहा है। हमने 15 सालों में बिहार से अपराध को खत्म किया। समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए काम किया। सीएम बुधवार को मढ़ौरा विस क्षेत्र से जदयू के प्रत्याशी अल्ताफ आलम राजू के पक्ष में इस्लामिया हाईस्कूल ओल्हनपुर के मैदान में तथा परसा विस क्षेत्र से जदयू के प्रत्याशी चंद्रिका राय के पक्ष में दुर्गा हाईस्कूल सुतिहार के मैदान में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।
मढ़ौरा के ओल्हनपुर में सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले बिहार में सात सौ मेगावाट बिजली की खपत थी जो आज बढ़कर 6000 हजार मेगावाट हो गई है। पहले 12.5 फीसद बच्चे स्कूल से बाहर थे। उन्हें स्कूल पहुंचाने के लिए हमने 30000 टोला सेवकों की नियुक्ति की। आज सभी स्कूल जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सन 2005 से पहले की पति-पत्नी की सरकार में अपराध चरम पर था। शाम होते ही आम आदमी घर से नहीं निकलता था। दलित व शोषितों का कोई सरकारी अधिकारी बात नहीं सुनता था। जब मुझे राज्य की बागडोर मिली तो मैंने न्याय के साथ का काम शुरू किया। समाज के हर वर्ग के लोगों का उत्थान काम किया। मुख्यमंत्री ने भागलपुर के दंगे की याद दिलाते हुए कहा कि कितने ही लोग इसमें प्रताड़ित हुए थे। हमने भागलपुर में अलग आयोग बना कर दोषियों पर मुकदमा चलवाया और पीड़ितों को मुआवजा दिलाया। बिहार आज क्राइम मामले में पूरे देश में 23 वें स्थान पर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार का पूर्व में बजट 24000 करोड़ हुआ करता था, जिसे हमने बढ़ाकर अभी दो लाख करोड़ तक पहुंचाया है । मुख्यमंत्री श्री कुमार ने मढ़ौरा से जदयू के प्रत्याशी अल्ताफ आलम राजू के पक्ष में वोट देने की अपील की।
उधर दुर्गा उच्च विद्यालय सुतिहार के खेल मैदान में चंद्रिका राय के पक्ष में वोट करने की अपील करते हुए सीएम ने कहा कि मैंने 15 वर्षा में स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली व पानी सब क्षेत्र में विकास किया है। कानून व्यवस्था कायम है। आपसी एकता बढ़ी है। आपने मौका दिया तो आगे भी विकास को और गति मिलेगी। महिलाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं। बिहार में पुलिस बल में जितनी महिलाएं हैं उतनी कहीं नहीं है। सड़कों का जाल और बिछेगा और बाईपास और अधिक बनाकर यातायात को सुगम किया जाएगा। हर खेत को पानी पहुंचाया जाएगा। एक करोड़ 20 लाख से अधिक महिलाएं जीविका समूह की सदस्य बनी है।
सभा को संबोधित करने वालों में बिहार प्रदेश जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष अशोक चौधरी, जिला परिषद अध्यक्ष मीना अरुण, पूर्व जिप अध्यक्ष वैद्यानाथ प्रसाद सिंह विकल, बबलू मिश्रा, मुरारी सिंह, महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष चांदनी सिंह, कामेश्वर सिंह, संतोष महतो, प्रखंड अध्यक्ष गामा सिंह आदि ने किया।