तय कर चुकी जनता, इस बार नीतीश कुमार की विदाई तय : तेजस्वी
मधुबनी। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि दस नवंबर को आरएसएस व भाजपा की कठपुतली बन चुके नीतीश कुमार की विदाई तय है।
मधुबनी। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि दस नवंबर को आरएसएस व भाजपा की कठपुतली बन चुके नीतीश कुमार की विदाई तय है। जात-पात, नफरत और धर्म की राजनीति से ऊपर उठकर पढ़ाई, कमाई, दवाई और सिचाई की बात होनी चाहिए। ये सब आम लोगों की जरूरत है। नीतीश सरकार के 15 वर्षों में शिक्षा व्यवस्था चौपट हो गई। भ्रष्टाचार इतना बढ़ गया कि बगैर चढ़ावा किसी भी कार्यालय में कार्य नहीं होता है। घूसखोरी, महंगाई बढ़ी है। युवाओं को नौकरी नहीं मिल रही है। लोग बेरोजगार हैं। वे स्थानीय हवाई अड्डा परिसर में आयोजित चुनावी सभा में बोल रहे थे। मधुबनी विधानसभा क्षेत्र से महागठबंधन प्रत्याशी समीर कुमार महासेठ और बिस्फी विधानसभा क्षेत्र के महागठबंधन प्रत्याशी डॉ. फैयाज अहमद के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि पहले भाजपाइयों के लिए मंहगाई डायन थी। अब महंगाई भौजाई बन गई है। बिहार के अस्पतालों की बदहाल व्यवस्था के कारण इलाज को आने वालों को शमशान जाना पड़ता है। यहां की बाढ़ की समस्या के समाधान पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। राजद समाज के सभी लोगों को साथ लेकर चलेगा। कहा कि महागठबंधन की सरकार बनती है तो पहली कलम से बिहार के 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जाएगी। वृद्धा पेंशन राशि एक हजार की जाएगी। आंगनबाड़ी सहित अन्य मानदेय पर काम कर रहे लोगों का मानदेय दोगुना करने के साथ उनकी सेवा नियमित करने का प्रयास शुरू किया जाएगा। शिक्षकों के समान काम के लिए समान वेतन की मांग पूरी की जाएगी। कृषि ऋण माफ किया जाएगा। सभा को महागठबंधन प्रत्याशी समीर कुमार महासेठ, डॉ. फैयाज अहमद, संतोष यादव सहित कई नेताओं ने संबोधित किया।