Bihar Election 2020: समस्तीपुर के हसनपुर में पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप से मुकाबले के लिए ये प्रत्याशी रह गए हैं मैदान में, जानिए
Bihar Election 2020 हसनपुर से एक भी प्रत्याशी ने नामांकन वापस नहीं लिया। इस तरह से तेज प्रताप समेत आठ प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं। लेकिन मुख्य मुकाबला राजग और महागठबंधन के बीच ही माना जा रहा है। हालांकि लोजपा के आने से मुकाबला त्रिकोणीय हो सकता है।
समस्तीपुर, जेएनएन। जिले की वीआइपी सीटों में शुमार हसनपुर विधानसभा में मुकाबले की तस्वीर साफ हो गई है। 140 हसनपुर विधानसभा क्षेत्र के निर्वाची पदाधिकारी डीसीएलआर जयचंद्र यादव द्वारा जारी की गई सूची में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों में महागठबंधन के प्रमुख दल राष्ट्रीय जनता दल से तेज प्रताप यादव, लोक जनशक्ति पार्टी से मनीष कुमार एवं राजग के प्रमुख घटक जनता दल (यूनाइटेड) से राजकुमार राय शामिल मैदान में रह गए हैं। वही रजिस्टर्ड पॉलीटिकल पार्टी के अभ्यर्थियों में जन अधिकार पार्टी (लोकतांत्रिक) से अर्जुन प्रसाद यादव, आम अधिकार मोर्चा से दिलीप कुमार मुखिया, राष्ट्रीय जन विकास पार्टी से भानू पंडित तथा राष्ट्र सेवा दल से विजेंद्र यादव के अलावा निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में संजीव कुमार का नाम शामिल है। हसनपुर में आठ प्रत्याशी चुनावी समर में रह गए हैं।
इस तरह से देखा जाए तो महुआ के वर्तमान विधायक तेज प्रताप यादव को यहां से चुनाव अपने पक्ष में करने के लिए सात उम्मीदवारों को पीछे छोड़ना होगा। हालांकि तेज प्रताप ने चुनाव की घोषणा होने से पहले ही प्रचार का कार्य शुरू कर दिया था। इसके लिए उनकी एक टीम भी काम कर रही है। जो पटना से उनके साथ आई थी। अब 13 अक्टूबर को नामांकन कराने के बाद रविवार से तेजप्रताप मैदान में डट गए हैं। वे सभा करने की जगह जनसंपर्क पर अधिक ध्यान दे रहे हैं। ट्रैक्टर दौड़ाने से लेकर सतुआ खाने से नहीं चूक रहे। सोमवार को उन्होंने कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन कर चुनाव प्रचार में पूरी तरह से जुट जाने का आह्वान किया।
वहीं रोसड़ा विधानसभा क्षेत्र में 12 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। 139 रोसड़ा (अजा) विधानसभा के निर्वाची पदाधिकारी एसडीओ ब्रजेश कुमार द्वारा जारी प्रत्याशियों की सूची में राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक पार्टी में लोक जनशक्ति पार्टी से कृष्णराज, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से नागेंद्र कुमार विकल, भारतीय जनता पार्टी से वीरेंद्र कुमार तथा बहुजन समाज पार्टी से विजय कुमार राम शामिल हैं। वही पंजीकृत राजनीतिक पार्टी में आम अधिकार मोर्चा से आशा देवी, द प्लूरल्स पार्टी से रणधीर कुमार पासवान, लोकतांत्रिक जनता दल से विक्रम रजक, वाजीब अधिकार पार्टी से विद्यानंद राम एवं राष्ट्रीय जन विकास पार्टी से शशि भूषण दास के अलावा निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में शैलेंद्र चौधरी, श्रवण कुमार तथा सुरेंद्र दास शामिल है। सभी प्रत्याशी अथवा उनके अभ्यर्थियों के समक्ष दोनों निर्वाची पदाधिकारी द्वारा सूची जारी करते हुए प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न भी आवंटित किया गया है।