Bihar Election 2020: मुजफ्फरपुर की बोचहां विधायक बेबी कुमारी का हृदय परिवर्तन, वापस किया लोजपा का सिंबल, नहीं लड़ेंगी विधानसभा चुनाव, इसलिए बदला अपना फैसला
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल प्रदेश के संगठन प्रभारी सांसद भूपेंद्र यादव मुजफ्फरपुर के सांसद अजय निषाद भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश वर्मा व अन्य नेताओं से बातचीत के बाद भाजपा की ही सेवा करने का लिया संकल्प।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। Bihar Election 2020: शायद, यही राजनीति है। कुछ ऐसा जिसकी दूर-दूर तक कल्पना किसी ने नहीं किया हो। जो किसी भी समीकरण से परे हो। बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में कुछ ऐसा ही देखने को मिल रहा। खासकर मुजफ्फरपुर में। यहां के बोचहां विधानसभा क्षेत्र की विधायक बेबी कुमारी कल तक भाजपा में अपमानित होने तथा लोजपा के सिंबल पर चुनाव लड़ने की बात कह रही थीं। आज उनका हृदय परिवर्तन हो गया और लोजपा का सिंबल वापस कर दिया। साथ चुनाव नहीं लड़ने की भी घोषणा कर डाली। इस पर सहज विश्वास नहीं हो रहा लेकिन, भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष ने पार्टी के हित में चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है। रविवार को पार्टी के शीर्ष नेताओं से बातचीत के बाद उन्होंने अपना फैसला वापस लिया।
वर्तमान विधायक ने कहा कि पिछले चुनाव में जनता ने व्यापक जनमत देकर उन्हें विधायक चुना। वह पूरी ईमानदारी से अपने क्षेत्र में जनता और भाजपा की सेवा की। इसलिए वह भाजपा की तरफ से चुनाव लड़ना चाहती थीं। लेकिन, स्थिति अनुकूल नहीं रहने के कारण चुनाव नहीं लड़ रही हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल, प्रदेश के संगठन प्रभारी सांसद भूपेंद्र यादव, मुजफ्फरपुर के सांसद अजय निषाद, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश वर्मा व अन्य नेताओं के स्तर पर बातचीत के बाद मैंने आगे भी भाजपा की सेवा करने का संकल्प लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में जो विकास के कार्यक्रम हो रहे हैं उसको गति देने तथा इसे जन-जन तक पहुंचाने में अपनी ताकत लगाऊंगी। इस चुनाव में वह एक कार्यकर्ता के रूप में पूरे मुजफ्फरपुर में एनडीए के पक्ष में चुनाव प्रचार करेंगी। इसके साथ ही यदि पार्टी का निर्णय होगा तो वह पूरे प्रदेश में भी एनडीए के लिए काम करेंगी। कहा, मैं भाजपा की सिपाही हूं और सेवा का संकल्प लिया है। आगे जो भी जवाबदेही दी जाएगी उसके अनुसार आगे काम करूंगी। मैं पार्टी के साथ हूं और रहूंगी। जनता के हर सुख-दुख में निरंतर काम करती रही हैं आगे भी करेंगी। दूसरी ओर, बेबी कुमारी के निर्णय का स्वागत करते हुए मुजफ्फरपुर के भाजपा सांसद अजय निषाद ने कहा कि पार्टी हर कार्यकर्ता को सम्मान देती है। बेबी कुमारी के जो संकल्प हैं उनको भी पूरा किया जाएगा। उन्हें आगे सम्मान मिलेगा। सांसद निषाद ने कहा कि भाजपा गठबंधन पूरी मजबूती के साथ इस बार चुनाव लड़ रही है। इस जिले की सभी 11 सीटों पर जीत मिलेगी।