शिक्षा के मामले में पिछड़ा है बिहार : चिराग
बनियापुर एवं मांझी विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार करने पहुंचे लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मौजूदा सरकार पर निशाना साधा।
छपरा मशरक (सारण)। बनियापुर एवं मांझी विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार करने पहुंचे लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को निशाने पर रखा। बनियापुर के खेल मैदान में लोजपा प्रत्याशी व पूर्व विधायक तारकेश्वर सिंह के पक्ष में एवं मांझी के लोजपा प्रत्याशी सौरव पांडेय के पक्ष में जलालपुर में जनसभा को संबोधित किया। सांसद सह लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि नीतीश के सरकार में आज तक समय पर किसी छात्र को डिग्री नहीं मिली। यहां 15 साल की डिग्री 18 साल में मिलती है। छात्रों को तीन वर्ष पीछे होना पड़ता है। उन्होंने कहा कि यदि बिहार से पलायन रोकना है तो मौजूदा मुख्यमंत्री को हटाना होगा। आज तक यहां की बेरोजगारी दूर नहीं हो सकी। क्योंकि यहां रोजगार का कोई साधन उपलब्ध नहीं है। चिराग पासवान ने आरोप लगाया कि पूर्ण शराबबंदी के बावजूद तस्करी जारी है। चिराग ने कहा कि सात निश्चय योजना में सबसे बड़ा भ्रष्टाचार हुआ है। मौके पर लोजपा प्रत्याशी व पूर्व विधायक तारकेश्वर सिंह ने कहा कि बनियापुर में फैले भ्रष्टाचार को समाप्त कर नया बनियापुर बनाया जाएगा। मौके पर जिला लोजपा के अध्यक्ष दीपक कुमार सिंह सहित राजेंद्र सिंह, लोजपा प्रत्याशी तारकेश्वर सिंह के पुत्र रोहन सिंह, जावेद अंसारी, महेश्वर सिंह, ललन मांझी आदि ने भी संबोधित किया ।
संसू, जलालपुर के अनुसार, मांझी विस क्षेत्र से अपनी पार्टी के प्रत्याशी सौरभ पांडेय के पक्ष में सांसद चिराग पासवान ने मंगलवार को जलालपुर में चुनाव सभा को संबोधित किया। सांसद ने कहा कि अयोध्या में बनने वाले राम मंदिर की तर्ज पर सीतामढ़ी में भव्य सीता मंदिर का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा है कि राम मंदिर को सीता मंदिर से जोड़ने के लिए एक कॉरिडोर भी बनाया जाना चाहिए। यह मंदिर अयोध्या के राममंदिर से भी बड़ा होगा। सीता के बिना भगवान राम अधूरे हैं और राम के बिना सीता। इसलिए एक कॉरिडोर बनवाया जाएगा जो सीतामढ़ी को अयोध्या से जोड़ेगा। पासवान ने मुख्यमंत्री पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि उनको जेल जाना होगा।