Bihar Election 2020: दिन चढ़ने के साथ दनादन पड़ रहे वोट, लोकतंत्र के इस पर्व में कोरोना का भय गुम
Bihar Election 2020 सुबह 11 बजे तक करीब 27 फीसद वोटिंग जिले की पांच विधानसभा सीटों के लिए मतदान। बूथों पर उमड़े मतदाता कई जगह ईवीएम में गड़बड़ी। अभी तक कहीं से भी गड़बड़ी की कोई शिकायत नहीं।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में जिले की पांच सीटों के लिए वोट डाले जा रहे हैं। कोरोना के बावजूद कांटी, बरुराज, साहेबगंज, पारू व मीनापुर विधानसभा के लिए मतदान को लेकर मतदाताओं में भारी उत्साह है। सुबह से ही भारी संख्या में वोटर बूथों पर कतारबद्ध हो गए। महिलाओं वोटर अधिक संख्या में मतदान करने उतरीं। सुबह 11 बजे तक यहां 26.52 फीसद वोटिंग हो चुकी थी। पहले घंटे यहां करीब तीन तो दूसरे घंटे में 9.08 फीसद वोटरों ने मताधिकार का प्रयोग किया। कई बूथों पर ईवीएम में गड़बड़ी के कारण मतदान प्रभावित हुआ। हालांकि, इसे ठीक कर लिया गया। मीनापुर विधानसभा क्षेत्र की बूथ संख्या 263 पर पीठासीन पदाधिकारी की तबीयत बिगड़ने पर मतदान रोकना पड़ा। कई जगहों पर गड़बड़ी की शिकायतें आईं। मगर, यह गलत निकली।
Bihar Election 2020: बूथों पर महिला वोटरों का जलवा, 9 बजे तक 8.05% वोटिंग, यहां देखें पल-पल का अपडेट
दूसरे चरण के लिए हो रहे मतदान के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। नक्सल प्रभावित 498 बूथ होने के कारण अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह व एसएसपी जयंतकांत चुनाव का जायजा ले रहे हैं। कहीं से अभी तक अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
पहले मतदान पर दिया ध्यान
मतदान को लेकर वोटरों के उत्साह का आलम यह है कि महिलाएं बिना भोजन ही बूथों पर पहुंच गईं। बरुराज विधानसभा की बूथ संख्या 167 पर वोट देने पहुंचीं महिलाओं ने बताया कि भोजन बाद में होगा। सीधे बूथ पर पहुंचे हैं। कई महिलाओं ने यही बात कहीं।बूथों पर आशा व स्वास्थ्य कर्मी मतदाताओं की स्क्रीनिंग कर रहे। इसके बाद ही मतदान करने की अनुमति दे रहे हैं। जो मास्क पहन कर नहीं आ रहे हैं उन्हें मास्क पहने की नसीहत दी जा रही है। सिविल सर्जन डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि सभी बूथों पर सैनिटाइजेशन और स्क्रीनिंग की व्यवस्था की गई है। पीएसी के प्रबंधक टप्पू गुप्ता ने बताया कि आपात स्थिति होगी तो वहां टीम भेजी जाएगी। दूसरे चरण की पांच विधानसभा सीटों से 95 उम्मीदवार मैदान में हैं। यहां 30 आदर्श बूथ बनाए गए हैं। वहीं 12 पिंक बूथ हैं।