बिहार चुनाव 2020: समस्तीपुर की 5 विधानसभा सीटों के लिए मतदान शुरू, सुबह नौ बजे तक डाले 7.32 फीसद मतदान
Bihar Election 2020 सरायरंजन में जदयू से विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी का मुकाबला राजद के अरविंद कुमार सहनी से है। वहीं कल्याणपुर सुरक्षित से जदयू प्रत्याशी सह योजना एवं विकास मंत्री महेश्वर हजारी की टक्कर भाकपा-माले के रंजीत राम से है।
समस्तीपुर, जेएनएन। जिले के पांच विधानसभा समस्तीपुर, कल्याणपुर, वारिसनगर, मोरवा और सरायरंजन में तीसरे चरण के लिए शनिवार को सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया है। हर जगह शांतिपूर्ण तरीके से वोटिंग हो रही है। युवा मतदाताओं में वोटिंग को लेकर काफी उत्साह है। महिला व वृद्ध मतदाता भी सुबह से ही मतदान केंद्र पर जुटने लगे थे। कोरोना से बचाव की तैयारी के साथ वोटर बूथों पर सुबह से ही पहुंचने लगे थे। पहले एक घंटे में आठ बजे तक सभी विधानसभा क्षेत्र में वोटिंग की रफ्तार तेज रहा। औसतन 6 फीसद वोट पड़े। सुबह नौ बजे तक 7.32 प्रतिशत वोट गिराए गए।
कोरोना के बीच हो रही वोटिंग को देखते हुए वोटर काफी सतर्क हैं। मतदान केंद्र के बाहर बने घेरे में खड़े रहने के बाद सभी मतदान केंद्र के अंदर प्रवेश किए। इसके बाद ईवीएम का बटन दबाया। शुरुआती घंटे में वोटिंग की रफ्तार कम रही। तीसरे चरण में जिले की पांच सीटों पर मतदान हो रहा है। लोकतंत्र के महापर्व में अपनी भागीदारी दर्ज कर बूथों से बाहर निकले युवाओं के चेहरे पर उत्साह था। वे खुशी से फूले नहीं समा रहे थे। उनके चेहरे पर गजब की रौनक थी। युवाओं ने मतदान के पलों को अपने मोबाइल के कैमरे में कैद कर यादगार भी बनाया। युवाओं की टोली घर-घर जाकर महिला या पुरुष वोटरों को लोकतंत्र के महापर्व में अपना योगदान देने का न्योता देते रहे। जिलाधिकारी शशांक शुभंकर, एसपी विकाश बर्मन मतदान केंद्रों का जायजा ले रहे हैं। जिला नियंत्रण कक्ष में संबंधित अधिकारी मतदान केंद्रों पर नजर रखे हुए मिनट टू मिनट पर मॉनिटरिंग की जा रही है।
इनमें कल्याणपुर सुरक्षित, वारिसनगर, समस्तीपुर, सरायरंजन और मोरवा हैं। कल्याणपुर सुरक्षित से जदयू प्रत्याशी सह योजना एवं विकास मंत्री महेश्वर हजारी की टक्कर भाकपा-माले के रंजीत राम से है। यहां भाजपा से बगावत कर लोजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे सुंदेश्वर राम लड़ाई को त्रिकोणीय बना रहे। यही स्थिति वारिसनगर की है। सरायरंजन में जदयू से विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी का मुकाबला राजद के अरविंद कुमार सहनी से है। यहां लोजपा से आभाष झा हैं।