Move to Jagran APP

Bihar Election 2020: First phase में राजद की सबसे अधिक सीटें दांव पर, 2015 में महागठबंधन तो 2010 में चला था एनडीए का जादू

Bihar Election 2020 इनमें से 53 सीटें 2015 के चुनाव में महागठबंधन को मिली थीं । 61 सीटें 2010 के चुनाव में एनडीए जीतने में रहा था सफल । इस बार 2010 का राजनीतिक समीकरण है। जानिए पूरा चुनावी समीकरण।

By Sumita JaiswalEdited By: Published: Tue, 27 Oct 2020 04:30 PM (IST)Updated: Tue, 27 Oct 2020 04:30 PM (IST)
बिहार में विधान सभा चुनाव की सांकेतिक तस्‍वीर ।

  पटना, जेएनएन । Bihar Election 2020:  पहले चरण में 16 जिलों की जिन 71 सीटों पर 28 अक्‍टूबर , बुधवार को वोटिंग होनी है, उसमें सबसे अधिक राष्ट्रीय जनता दल की सीटें दांव पर होंगी। पिछले विधानसभा चुनाव में इन 71 सीटों में सर्वाधिक 27 सीटें राजद के खाते में आई थीं। इसके बाद जदयू की 17, भाजपा की 13, कांग्रेस की नौ, भाकपा माले की दो सीटों और हम व रालोसपा की एक-एक सीट दांव पर होगी। मोकामा की सीट निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में अनंत सिंह ने जीती थी जो इस बार राजद के टिकट पर खड़े हैं। 

loksabha election banner

बदले हुए हैं समीकरण

 पिछले चुनाव में जदयू-राजद के साथ था जबकि भाजपा, लोजपा, हम और रालोसपा एक साथ थे। इस हिसाब से महागठबंधन भारी पड़ा था। इस बार का चुनाव काफी हद तक 2010 के समीकरण पर हो रहा है। जदयू-भाजपा एक साथ हैं, जबकि राजद-कांग्रेस एक साथ। 2010 में इन 71 सीटों पर हुए चुनाव में एनडीए 61 सीटें जीतकर भारी पड़ा था। जदयू को 39 और भाजपा को 22 सीटों पर जीत मिली थी। राजद, कांग्रेस और अन्य दलों के लिए सिर्फ 10 सीटें बची थीं। इस बार भाजपा-जदयू के साथ हम और वीआइपी भी एनडीए में हैं।

14 सीटों पर जदयू-भाजपा की थी टक्कर

पिछली दफा 71 में 14 सीटों पर जदयू और भाजपा के बीच मुकाबला था। इसमें भाजपा नौ जबकि जदयू पांच सीटों पर जीतने में कामयाब रहा था। लखीसराय, बाढ़, भभुआ, चैनपुर, गोह, गुरुआ, हिसुआ, वरसलीगंज और झाझा में भाजपा ने जदयू को पटखनी दी थी। वहीं, अमरपुर, बेलहर, राजपुर, दिनारा और नबीनगर में जदयू का तीर भाजपा के कमल पर भारी पड़ा था।

हम पर चार-एक से भारी पड़ा था जदयू

पिछले चुनाव में महागठबंधन का हिस्सा रहे जदयू की जीतन राम मांझी की पार्टी हम से पांच सीटों पर आमने-सामने की टक्कर हुई थी जिसमें जदयू चार सीट शेखपुरा, घोसी, शेरघाटी और टेकारी पर विजयी रहा था। वहीं हम महज एक सीट इमामगंज पर जदयू को हरा पाया। यह सीट जीतन राम मांझी ने उदय नारायण चौधरी को हराकर जीती थी।

लोजपा से दोनों सीटें जीता था जदयू

इस बार जदयू के खिलाफ खुली लड़ाई की घोषणा करने वाली लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) का पिछली बार 71 में दो सीटों जमालपुर और रफीगंज पर जदयू से मुकाबला हुआ था। यह दोनों ही सीटों पर जदयू के प्रत्याशी विजयी रहे थे। इसके अलावा पिछली दफा माले को दो और रोलसपा को एक सीट मिली थी।

2015 का परिणाम

दल  : विजयी सीटें

राजद : 27

जदयू : 17

भाजपा : 13

कांग्रेस : 09

भाकपा माले : 02

हम : 01

रालोसपा : 01

निर्दलीय : 01

71 में महज सात सीटों पर ही महिला वोटर आगे

पिछले विधानसभा चुनाव में महिला मतदाता वोट देने में आगे रही थीं। ओवरऑल 56.66 फीसद मतदान हुआ था। इसमें 53.32 फीसद पुरुष जबकि 60.32 फीसद महिलाओं ने वोट डाले थे। हालांकि पहले चरण में बुधवार को जिन 71 सीटों पर चुनाव होना है, वहां पुरुषों का वर्चस्व अधिक रहा था।

   पहले चरण की 71 सीटों पर 2015 के विधानसभा चुनाव में महज सात सीटें ही ऐसी थीं जहां महिला वोटर आगे थीं बाकी 64 विधानसभा सीटों पर पुरुषों ने ही अधिक मतदान किया था। सात सीटों में चार सीटें धौरैया, बाराचट्टी, रजौली और सिकंदरा सुरक्षित थीं। इसके अलावा कटोरिया, बेलहर और गोविंदपुर में महिलाएं आगे रही थीं।

इन सात सीटों पर आगे थीं महिला वोटर

विधानसभा सीट      मतदान   पुरुष     महिला

धौरैया (एससी):      57.60   76,994   77,656

कटोरिया :             56.85   65,926   66,345

बेलहर :               54.52   76,598   81,032

बाराचट्टी (एससी):  56.34   76,542   78,952

रजौली (एससी):     50.85   75,365   78,530

गोबिंदपुर :            48.40   68,327   72,122

सिकंदरा (एससी):   49.77   69,025   69,208

16 जिलों की इन 71 सीटों पर है मतदान

भागलपुर : दो सीटें : कहलगांव, सुल्तानगंज।

बांका : पांच सीटें : अमरपुर, धौरैया, बांका, कटोरिया, बेलहर।

मुंगेर : तीन सीटें : तारापुर, मुंगेर, जमालपुर।

लखीसराय : दो सीटें : सूर्यगढ़ा, लखीसराय।

शेखपुरा : दो सीटें : शेखपुरा, बरबीघा।

पटना : पांच सीटें : मोकामा, बाढ़, मसौढ़ी, पालीगंज, बिक्रम।

आरा : सात सीटें : संदेश, बड़हरा, आरा, अगिआंव, तरारी, जगदीशपुर, शाहपुर।

बक्सर : चार सीटें : ब्रह्मपुर, बक्सर, डुमरांव, राजपुर।

कैमूर : चार सीटें : रामगढ़, मोहनियां, भभुआ, चैनपुर।

रोहतास : सात सीटें : चेनारी, सासाराम, करगहर, दिनारा, नोखा, डिहरी, काराकट।

अरवल : दो सीटें : अरवल, कुर्था।

जहानाबाद : तीन सीटें : जहानाबाद, घोसी, मखदुमपुर।

गया : 10 सीटें : गुरुआ, शेरघाटी, इमामगंज, बाराचट्टी, बोधगया, गया टाउन, टिकारी, बेलागंज, अतरी, वजीरगंज।

औरंगाबाद : छह सीटें : गोह, ओबरा, नवीनगर, कुटुम्बा, औरंगाबाद, रफीगंज।

नवादा : पांच सीटें : रजौली, हिसुआ, नवादा, गोविंदपुर, वारसलीगंज।

जमुई : चार सीटें : सिकंदरा, जमुई, झाझा और चकाई।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.