विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 06, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Bihar Election 2020: लोजपा के सिंबल पर भाजपा के कई नेता लड़ेंगे चुनाव, कल चिराग करेंगे प्रत्‍याशियों की सूची की घोषणा

By Sumita JaiswalEdited By:
Published: Tue, 06 Oct 2020 09:37 PM (IST)Updated: Tue, 06 Oct 2020 10:19 PM (IST)

Bihar Election 2020 टिकट नहीं मिलने पर राजेंद्र सिंह ने छोड़ी भाजपा। एलजेपी से लड़ेंगे चुनाव। भाजपा के रामेश्वर प्रसाद ...और पढ़ें

लोजपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष चिराग पासवान की तस्‍वीर।
लोजपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष चिराग पासवान की तस्‍वीर।

पटना, जागरण टीम। Bihar Election 2020: विधानसभा चुनाव (Assembly Poll)  में सासाराम के दिनारा विधान सभा क्षेत्र Dinara Assembly Constituency ) से टिकट नहीं मिलने पर भाजपा के उपाध्यक्ष व झारखंड के पूर्व संगठन मंत्री राजेंद्र सिंह ने लोक जन शक्ति पार्टी (LJP) का दामन थाम लिया है। राजेंद्र दिनारा से ही लोजपा के प्रत्याशी होंगे। वे सात अक्‍टूबर, बुधवार को नामांकन करेंगे। नोखा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर चार बार विधायक चुने गए रामेश्वर चौरसिया और सासाराम से पांच बार भाजपा विधायक रहे जवाहर प्रसाद भी टिकट काटे जाने से खासे नाराज हैं। लोजपा प्रमुख चिराग पासवान बुधवार को प्रथम चरण के प्रत्याशियों की सूची जारी करेंगे।

टिकट कटने का कारण जानने पत्र लिखा

मंगलवार को लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से लंबे अरसे से जुड़े रहे भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह को पार्टी में शामिल कर लिया। उन्हें दिनारा सीट से चुनाव मैदान में भी उतार भी दिया, जहां उनका मुकाबला जदयू के वरिष्ठ नेता तथा मंत्री जयकुमार सिंह से होगा।

वहीं नोखा विधानसभा क्षेत्र से टिकट से वंचित रामेश्वर प्रसाद ने भी पार्टी के रुख पर नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने पार्टी टिकट से वंचित किए जाने का कारण जानने के लिए पत्र लिखा है। रामेश्वर भाजयुमो के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, व भाजपा के राष्ट्रीय सचिव रह चुके हैं।

भाजपा-जदयू के दर्जनों नेता लोजपा सिंबल थामने को तैयार

लोजपा संसदीय बोर्ड के एक प्रमुख नेता ने बताया कि पार्टी अध्यक्ष चिराग पासवान के संपर्क में भाजपा, जदयू और राजद के दर्जनों मजबूत नेता हैं जो चुनाव लडऩे के लिए तैयार हैं। मजबूत वोट आधार वाले नेताओं को सिंबल देने में प्राथमिकता दी जा रही है। अगले चौबीस घंटे में खुद चिराग पासवान पहले चरण के उम्मीदवारों की सूची घोषित करेंगे। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के पूर्व विधायक रामेश्वर चौरसिया, जवाहर प्रसाद के अलावा भोजपुर के पूर्व सचिव राम संजीवन सिंह, जहानाबाद के देवेश शर्मा, बक्सर के रमाशंकर चौबे, गया के रामावतार सिंह, जदयू के औरंगाबाद जिला के पूर्व उपाध्यक्ष आरएस सिंह और शेखपुरा के पूर्व जिला सचिव रमाशंकर महतो, राजद के मुंगेर जिला के पूर्व महासचिव रामवरण राय और खगडिय़ा के पूर्व जदयू उपाध्यक्ष कपिलदेव सिंह समेत अन्य राजनीतिक दलों के दर्जनों नेता लोजपा के सिंबल पर चुनाव लडऩे के लिए संपर्क में हैं।