Bihar Election 2020: भाजपा की अंदरुनी राजनीति में अभी कई दांव-पेच, बड़ा भाई बनने की कवायद तेज
तमाम- उतार चढ़ाव व बैठकों के दौर के बाद शुक्रवार की शाम बिहार भाजपा के प्रभारी भूपेंद्र यादव और चुनाव प्रभारी देवेंद्र फड़नवीस दिल्ली लौट गए। नेताओं की यह जोड़ी राजग में मोटी हो रही गांठ सुलझाने में जुटी रही।
पटना, जेएनएन। बिहार की राजनीति में बड़ा भाई बनने की कवायद में भाजपा लगातार दांव चल रही है। हालांकि अब तक उसे अपने मकसद में सफलता नहीं मिली है। तमाम- उतार चढ़ाव व बैठकों के दौर के बाद शुक्रवार की शाम बिहार भाजपा के प्रभारी भूपेंद्र यादव और चुनाव प्रभारी देवेंद्र फड़नवीस दिल्ली लौट गए।
राजग में मोटी हो रही गांठ सुलझाने में जुटी रही जोड़ी
इससे पहले नेताओं की यह जोड़ी राजग में मोटी हो रही गांठ सुलझाने में जुटी रही। भाजपा के शीर्ष नेता जहां दिल्ली में लोजपा प्रमुख चिराग के साथ संतुलन बनाने की कोशिश में जुटे रहे। वहीं, देवेंद्र और भूपेंद्र की जोड़ी बिहार में जदयू के शीर्ष नेताओं के साथ बैठक कर सीटों के बंटवारे को लेकर फैल रहे भ्रम जाल को सुलझाते रही। शाम में भाजपा के दोनों दिग्गज दिल्ली रवाना हो गए। इस बीच टिकट के दावेदार और अपने आप को भावी प्रत्याशी मान चुके कुछ धुरंधर लगातार पार्टी प्रदेश मुख्यालय और आला नेताओं के बैठक स्थल की परिक्रमा करते नजर आए। इसमें पार्टी पूर्व विधायक के साथ कई मौजूदा विधायक और मंत्रियों की सर्वाधिक बेचैनी नजर आई। कई मौजूदा विधायक बगैर सिंबल लिए क्षेत्र में जाने से कतरा रहे हैं।
सर्व समाज की नुमाइंदगी प्रदर्शित करने का प्रयास
इससे पूर्व पार्टी ने गुरुवार की देर रात चुनाव संचालन समिति की बैठक में सर्व समाज की नुमाइंदगी को प्रदर्शित करने का प्रयास किया। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में उम्मीदवार तय करने के लिए बुलाई गई गोल मेज बैठक में जनक राम, सम्राट चौधरी और भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष लाजवंती झा को इसी समीकरण तहत बुलाया गया था।