Bihar Election 2020: बिहार में बना पांचवां गठबंधन, ओवैसी-मायावती आए साथ- उपेंद्र सीएम उम्मीदवार
बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले पांचवां गठबंधन बन गया है। ‘ग्रैंड डेमोक्रेटिक सेकुलर फ्रंट’ नाम से बने गठबंधन में रालोसपा के उपेंद्र कुशवाहा मुख्यमंत्री का चेहरा होंगे। इसमें असदुद्दीन ओवैसी मायावती देवेंद्र प्रसाद यादव संजय चौहान और ओम प्रकाश राजभर शामिल हुए हैं।
पटना, जेएनएन। बिहार चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और महागठबंधन के खिलाफ एक नया गठबंधन बना है। असदुद्दीन ओवैसी की एआइएमआइएम (ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन) के साथ उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा), मायावती की बहुजन समाज पार्टी (बसपा), पूर्व केंद्रीय मंत्री देवेंद्र प्रसाद यादव के समाजवादी जनता दल, डॉ. संजय चौहान की जनवादी पार्टी (सोशलिस्ट) और ओमप्रकाश राजभर की सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने मिलकर ग्रैंड डेमोक्रेटिक सेक्यूलर फ्रंट बनाया है। इस गठबंधन का संयोजक देवेंद्र प्रसाद यादव बनाए गए हैं, जबकि उपेंद्र कुशवाहा गठबंधन में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार घोषित किए गए हैं।
उपेंद्र कुशवाहा ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि नया गठबंधन में देरी जरूर हुई है पर दुरुस्त होकर हम एकसाथ आए हैं। हमारा गठबंधन सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ेगा। गठबंधन के जिन दलों के उम्मीदवार जहां से खड़े होंगे या अभी तक उनके नाम घोषित हो चुके हैं उन उम्मीदवारों को जीत दिलाने के लिए हम मिलकर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि बिहार में महागठबंधन और राजग दोनों फेल है। नीतीश कुमार के 15 साल के शासन में बिहार और पीछे ही गया है। वहीं बसपा के बिहार प्रभारी रामजी सिंह गौतम ने कहा कि उपेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व में जनता को बेहतर प्रदेश बनाने का भरोसा देंगे। बसपा प्रमुख मायावती ने मुख्यमंत्री रहते उत्तर प्रदेश के विकास के लिए जो कार्य की हैं और योजनाएं चलायीं हैं, उसी तर्ज पर बिहार को विकास पथ पर ले जाएंगे। समाजवादी जनता दल के देवेंद्र प्रसाद यादव ने दावा किया कि अगली सरकार हमारा मोर्चा के नेतृत्व में ही बनेगा। जनवादी पार्टी सोशलिस्ट के डॉ.संजय चौहान और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के महासचिव संतोष पाण्डेय ने भी नया गठबंधन के नेतृत्व में जनता से सरकार बनाने की अपील की।
बिहार के भविष्य के लिए बनाया गठबंधन : ओवैसी
एआइएमआइएम के प्रमुख व सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने पत्रकारों के सवालों पर कहा कि बिहार के बेहतर भविष्य के लिए हमने उपेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व में नया गठबंधन बनाया है। हमारी कोशिश होगी कि हम सफल हों। इस फ्रंट के जो उम्मीदवार जहां से मैदान में होंगे उनकी जीत के लिए हम काम करेंगे। हमारा मकसद एक है और जनता को बेहतर प्रदेश बनाकर देना लक्ष्य। पिछले 30 सालों की सरकार से बिहार को कोई लाभ नहीं हुआ है। उन्होंने राजद, जदयू और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जदयू और भाजपा के 15 साल तथा राजद-कांग्रेस के 15 साल के शासन के बाद भी बिहार के गरीबों की स्थिति जस की तस है। राज्य सामाजिक, आॢथक और शिक्षा के क्षेत्र में अभी भी बहुत पीछे है।