Bihar Election: प्रियंका के हस्तक्षेप के बाद भी नहीं बन रही बात, राजद 60 से अधिक सीट देने को नहीं तैयार
बिहार चुनाव में सीटों को लेकर राजद-कांग्रेस के बीच खींचतान कम होती नहीं दिख रही। दोनों पार्टियों के बीच समस्या के समाधान के लिए खुद प्रियंका गांधी ने कमान तो संभाली पर उनके हस्तक्षेप के बाद भी अब तक बात बनती नहीं दिख रही।
पटना, जेएनएन। बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए गुरुवार से नामांकन शुरू हो गए, लेकिन सीटों को लेकर राजद-कांग्रेस के बीच खींचतान कम होती नहीं दिख रही। समस्या समाधान के लिए खुद प्रियंका गांधी ने कमान तो संभाली पर उनके हस्तक्षेप के बाद भी अब तक बात बनती नहीं दिख रही।
राजद नेतृत्व से अब तक प्रियंका की दो राउंड हुई बात
कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि राजद अब भी कांग्रेस को 60 सीटों से अधिक देने को तैयार नहीं। जबकि इस मामले को अब खुद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी देख रही हैं और उनकी राजद नेतृत्व से अब तक दो राउंड की बातचीत भी हुई है। सूत्रों की माने तो राजद-कांग्रेस के बीच सीटों का यह विवाद एक-दो दिन के अंदर सुलझ जाने की उम्मीद की जा रही है। चर्चा है कि कांग्रेस 72 सीटों की अपनी मांग से थोड़ा पीछे आ सकती है। राजद भी एक-दो सीटें बढ़ाने पर पुनर्विचार कर सकता है।
जीते विधायकों के साथ ही नए चेहरों पर भी मंथन
दूसरी ओर गुरुवार को अविनाश पांडेय की अध्यक्षता वाली स्क्रीनिंग कमेटी ने विधानसभा के पहले चरण के भावी पार्टी उम्मीदवारों के नाम पर मंथन किया। पिछले चुनाव में जीते विधायकों के साथ ही नए चेहरों पर भी इस दौरान मंथन चला। सूत्रों की माने तो स्क्रीनिंग कमेटी ने पहले चरण के भावी उम्मीदवार तय कर दिए हैं। यह सूची अब कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ ही राहुल, प्रियंका गांधी को भेजी जाएगी। जहां से भावी प्रत्याशियों के नाम पर मुहर लगेगी। चर्चा है कि चार अक्टूबर के पहले तक सीटों का मामला और पहले चरण के प्रत्याशियों के नाम का एलान होगा।
बापू की जयंती से चुनावी अभियान का शंखनाद : गोहिल
बिहार कांग्रेस प्रभारी व सांसद शक्ति सिंह गोहिल ने गुरुवार को कहा कि बापू की जयंती दो अक्टूबर से कांग्रेस अपने चुनावी अभियान का शंखनाद करेगी। दो अक्टूबर को चंपारण में बापू की प्रतिमा का अनावरण करने के साथ ही कांग्रेस बिहार की सरकार को बदलने के लिए मैदान में उतरेगी। जनता भाजपा-जदयू के कुशासन तले दबी हुई है और बदलाव चाहती है। कांग्रेस बिहार में निष्पक्ष और काम करने वाली सरकार देगी और बिहार की जनता कुशासन से राहत पाएगी।