Bihar Election 2020: आज भाजपा करेगी चुनाव प्रचार का आगाज, गया से जेपी नड्डा करेंगे शंखनाद
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज रविवार को मोक्ष की धरती गया से चुनावी शंखनाद करेंगे। भाजपा की कोशिश प्रधानमंत्री की संभावित रैलियों से पहले रंग जमा देने की है। भाजपा ने प्रचार अभियान को परवान चढ़ाने के लिए कमर कस ली है।
पटना, जेएनएन। बिहार में अब वर्चुअल के साथ एक्चुअल रैली का भी दौर शुरू होने जा रहा है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा रविवार को मोक्ष की धरती गया से चुनावी शंखनाद करेंगे। पार्टी की तैयारी मुकम्मल है और भाजपा की कोशिश प्रधानमंत्री की संभावित रैलियों से पहले रंग जमा देने की है। ऐसे में तमाम दलों को पीछे छोड़ते हुए भाजपा ने प्रचार अभियान को परवान चढ़ाने के लिए कमर कस ली है।
राजग के लिए अपने वोटों को सहेजने की चुनौती
जदयू के खिलाफ लोजपा की खुली अदावत के बाद राजग के लिए अपने वोटों को सहेज रखने की चुनौती है। इसकी महती जिम्मेदारी भाजपा की है। मतदाताओं में सकारात्मक संदेश के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक साथ जनसभा को संबोधित करने वाले हैं। हालांकि अभी तारीखें तय नहीं हुई हैं, लेकिन पूरी तैयारी है कि हर चरण में नरेंद्र-नीतीश दो-तीन संयुक्त जनसभा को अवश्य संबोधित करें। इससे राजग के कोर वोट बैंक से उस भ्रम के दूर होने की संभावना है, जो लोजपा द्वारा पैदा किया गया है। उल्लेखनीय है कि लोजपा ने अपने कार्यकर्ताओं और पारंपरिक मतदाताओं से जदयू के विरुद्ध मतदान की अपील की है। इस अपील से आगे बढ़ते हुए वह भाजपा के बागियों को लगातार अपना सिंबल दे रही।
मोदी से बैर नहीं, नीतीश की खैर नहीं...
राजधानी पटना में खुला पोस्टर लगाकर लोजपा ने नारा दिया था कि मोदी से बैर नहीं, नीतीश की खैर नहीं। भाजपा की आपत्ति के बाद नारे में मोदी की जगह दिल्ली लिख दिया गया। अब जबकि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री एक साथ जनता के बीच जाएंगे तो संभव है कि वोटों को बांटने की लोजपा की मंशा की हवा निकल जाए। गया में नड्डा की रैली उसके लिए भूमिका तैयार कर देगी, जिसके लिए भाजपा के साथ जदयू के कार्यकर्ता भी तैयारी कर रहे।
गया के गांधी मैदान में चुनावी सभा
उल्लेखनीय है कि नड्डा रविवार सुबह पटना आएंगे और हेलीकाप्टर से गया जाएंगे। वहां गांधी मैदान में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। अपराह्न में पटना लौटने के बाद वे चुनाव संचालन समिति और पार्टी पदाधिकारियों की बैठक करेंगे। उस दौरान वे चुनाव प्रचार की तैयारियों और तौर-तरीकों पर चर्चा करेंगे। रविवार रात में ही वे दिल्ली लौट जाएंगे। गौरतलब है कि भाजपा ने तमाम बिंदुओं पर मंथन के बाद पहले चरण में गया में नड्डा की रैली का कार्यक्रम तय किया है। यहां से गया, नवादा, औरंगाबाद जिला के साथ शाहबाद परिक्षेत्र को भी फोकस किया जा सकता है। नड्डा की रैली में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल के अलावा बिहार भाजपा के सभी बड़ नेता मौजूद रहेंगे।