बिहार चुनाव 2020ः नीतीश कुमार बोले- कुछ लोग झगड़ा करवाना चाह रहे हैं, उनके चक्कर में मत पड़िएगा
बिहार चुनाव 2020ः अस्थावां विधानसभा प्रत्याशी के समर्थन में वोट मांगने बिंद पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि आप हमारे हैं और हम आपके हैं हम केवल आपको नमस्ते करने आए हैं। आपने हमें सांसद तक बनाया।
नालंदा, जेएनएन। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर अपने प्रत्याशियों के समर्थन में वोट मांगने बिंद, नूरसराय और सिलाव में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग समाज में झगड़ा पैदा करना चाह रहे हैं, उनके चक्कर में मत पड़िएगा। एकजुट रहेंगे तभी विकास होगा। उन्होंने कहा कि आप हमारे हैं, और हम आपके हैं, हम केवल आपको नमस्ते करने आए हैं। आपने हमें यहां सांसद तक पहुंचा दिया, इससे ज्यादा क्या कहें। उन्होंने कहा कि हम जबतक जीवित हूं, आपके लिए कार्य करता रहूंगा।
कोई ऐसा क्षेत्र नहीं है जहां हमने काम नहीं कियाः नीतीश कुमार
नीतीश ने कहा कि कोई ऐसा क्षेत्र नहीं है जहां हमने काम नहीं किया। आपने जब भी मौका दिया हमने सेवा की।उन्होंने कहा कि आप चिंता मत करिए, चुनाव के बाद एक बार सारे प्रखंड में जाकर संवाद करेंगे। अगली बार सोलर स्ट्रीट लाइट लगवाएंगे। हर क्षेत्र तक सिंचाई की व्यवस्था कराएंगे। नीतीश ने कहा कि कोरोना काल में बिहार पहला ऐसा राज्य है जहां चुनाव हो रहा है। राज्य ने कोरोना को लेकर बहुत काम किया है। पशुपालन के संरक्षण के लिए भी कार्य करेंगे। सबके विकास के लिए काम करेंगे। नीतीश कुमार ने कहा कि चुनाव के बाद फिर सरकार बनेगी तो पूरे क्षेत्र के चार ब्लॉक तक जाएंगे। जिले में बाईपास बनवाएंगे। पशुओं के लिए चिकित्साल खोले जाएंगे। दवाओं का प्रबंध राज्य सरकार करेगी। समजा में प्रेम और सदभाव का माहौल बनाए रहें। अंत में उन्होंने कहा कि मतदान जरूर करें। पहले मतदान फिर जलवान।
इसबार तीन चरणों में चुनाव
कोरोना वायरस की वजह से इसबार बिहार विधानसभा चुनाव तीन चरणों में होगा। कुल 243 सीटों के लिए पहले फेज में वोट 28 अक्टूबर को डाले जाएंगे। इसके बाद दूसरे चरण में तीन नवंबर तो तीसरे में सात नवंबर को मतदान होगा। चुनाव का परिणाम 10 नवंबर को घोषित कर दिया जाएगा।