केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस को बताया देश की सबसे भ्रष्ट पार्टी, असम में भाजपा को वोट देने की अपील की
असम में अपने पहले चुनाव प्रचार अभियान को संबोधित करते हुए स्मृति ईरानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने राज्य के गरीब लोगों को लाभान्वित करने के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं।
गुवाहाटी, एएनआइ। केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी चुनाव प्रचार प्रसार को लेकर असम पहुंची हुईं हैं। यहां उन्होंने कांग्रेस को देश की सबसे भ्रष्ट पार्टी बताया है। इसके साथ ही उन्होंने खुले मंच से लोगों से अपील करते हुए कहा कि विभिन्न केंद्रीय और राज्य योजनाओं का लाभ उठाने के लिए भाजपा को वोट दें।
असम में अपने पहले चुनाव प्रचार अभियान को संबोधित करते हुए स्मृति ईरानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने राज्य के गरीब लोगों को लाभान्वित करने के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस से ज्यादा भ्रष्ट कोई नहीं है। केवल भाजपा ही ऐसी पार्टी है जो गरीबों के हित के लिए काम करती है। केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा शुरू की गई योजनाओं की एक श्रृंखला को सूचीबद्ध करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने गरीब लोगों के लिए कभी काम नहीं किया है। इस दौरान उन्होंने असम विधानसभा चुनाव में लोगों से भाजपा को वोट देने की अपील की।
पूर्व पीएम मनमोहन सिंह पर साधा निशाना
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का नाम लिए बगैर जो इसके पहले असम से राज्यसभा सांसद थे ईरानी ने कहा कि राज्य से कांग्रेस के कुछ बड़े नेता थे जो यहां तक कि पीएम भी बने थे। लेकिन असम में एम्स की सुविधा पीएम मोदी के कार्यकाल में ही मिली है।
बता दें कि केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी भाजपा उम्मीदवार रमानी तांती के लिए प्रचार करने के लिए मरियानी विधानसभा पहुंची हुईं थीं। भाजपा उम्मीदवार रमानी तांती तीन बार के कांग्रेस विधायक रूपज्योति कुर्मी के साथ सीधी टक्कर का सामना कर रही हैं। यहां पहले चरण यानी 27 मार्च को इस विधानसभा में मतदान होना है।
वहीं, केंद्रीय मंत्री ने जोरहाट की सभा में कहा कि कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता, जब जिंदा थे तो उन्होंने बदरुद्दीन अजमल से पार्टी को हाथ मिलाने से रोका। लेकिन उनके निधन के बाद कांग्रेस ने अजमल से गठबंधन कर लिया। उन्होंने उन लोगों से हाथ मिलाया, जिन्होंने असम की जनजाति व संस्कृति पर हमले का प्रयास किया।