जो वादे मप्र-छग में नहीं निभाए, असम में कैसे पूरे करेंगे राहुल बाबा : शिवराज सिंह चौहान
असम के कामरूप जिले के पलासबाड़ी विधानसभा क्षेत्र में उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कहा था 10 दिन में किसानों का कर्ज माफ नहीं हुआ तो 11वें दिन मुख्यमंत्री बदल दूंगा। उस हिसाब से सवा साल में 40-50 मुख्यमंत्री मध्य प्रदेश में बदल देने चाहिए थे।
भोपाल, जेएनएन। जहां भी चुनाव आते हैं, राहुल बाबा पहुंच जाते हैं। कहते हैं, मैं झूठ नहीं बोलता, मैं गारंटी दे रहा हूं। ये वही राहुल गांधी हैं, जिन्होंने खुद और उनकी पार्टी ने कहा था सभी को सरकारी रोजगार दिया जाएगा। मध्य प्रदेश में सवा साल कांग्रेसी सरकार रही, एक को भी सरकारी नौकरी नहीं मिली। राहुल की पार्टी ने वचन दिया था 4,000 रुपये बेरोजगारी भत्ता देंगे। एक पैसा भी किसी बेरोजगार को नहीं दिया। जो वादे मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में नहीं निभाए, उन्हें असम में कैसे पूरे करेंगे। ये बातें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने असम की चुनावी सभाओं में कही।
असम के कामरूप जिले के पलासबाड़ी विधानसभा क्षेत्र में उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कहा था 10 दिन में किसानों का कर्ज माफ नहीं हुआ तो 11वें दिन मुख्यमंत्री बदल दूंगा। उस हिसाब से सवा साल में 40-50 मुख्यमंत्री मध्य प्रदेश में बदल देने चाहिए थे। अब राहुल बाबा असम आकर यहां के नौजवानों को रोजगार के लिए फार्म बांट रहे हैं। उन्हें शर्म आनी चाहिए।
राहुल ने उठाया कांग्रेस की समाप्ति का जिम्मा
चौहान ने कहा, कांग्रेस में महात्मा गांधी ने सत्य के साथ कई प्रयोग किए थे। कांग्रेस में ऐसे ही प्रयोग अब राहुल गांधी कर रहे हैं, लेकिन वे चुनावों में झूठ बोल-बोलकर, झूठे वादे करके, असत्य को लेकर प्रयोग कर रहे हैं। महात्मा गांधी ने कभी कहा था देश को आजादी दिलाना कांग्रेस का लक्ष्य और उद्देश्य था। अब वह पूरा हो गया है, इसलिए कांग्रेस को भंग कर देना चाहिए। अब लगता है कि राहुल गांधी ने यह संकल्प लिया है कि महात्मा गांधी द्वारा कही गई बात को सच साबित करके रहेंगे। उन्होंने कांग्रेस की समाप्ति का जिम्मा उठा रखा है। सोच का ठिकाना नहीं चौहान ने कहा कि कांग्रेस की सोच का कोई ठिकाना नहीं है। असम में ये अजमल से समझौता करते हैं। अजमल घुसपैठियों को संरक्षण देने वाला है। असम की संस्कृति और सुरक्षा को अगर किसी से खतरा है तो वह बदरद्दीन अजमल है। मैं राहुल और मैडम सोनिया गांधी से ये पूछना चाहता हूं कि अजमल से समझौता क्यों किया। असम में कांग्रेस ने अजमल को गले लगाया है, केरल में ये मुस्लिम लीग और बंगाल में फुरफुरा शरीफ के साथ हैं। कांग्रेस ऐसे ही लोगों को गले क्यों लगाती है? राहुल सबसे बड़े झूठे हैं गुवाहाटी के खानापारा में पत्रकारों से चर्चा में चौहान ने कहा कि राहुल गांधी सबसे बड़े झूठे हैं। वे चुनावों में झूठे वादे करते हैं।
मप्र में राहुल गांधी द्वारा किए गए वादों की वीडियो क्लिप दिखाते हुए किसानों की कर्जमाफी सहित कई मुद्दों पर आरोप लगाए। उन्होंने राहुल के अंग्रेजी शब्दों का मतलब बताते हुए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष को रिजेक्टेड, अपसेट माइंड, होपलेस आदि कहा।