विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

परंपरा से जुड़ने का नया तरीका, सोशल मीडिया पर छठ की मान्यताओं और संस्कृति को साझा कर रही नई पीढ़ी

Published: Sun, 15 Nov 2026 01:36 PM (IST)

युवा सोशल मीडिया के माध्यम से छठ पूजा के पारंपरिक गीतों, मान्यताओं और महत्व को साझा कर रहे हैं। यह ...और पढ़ें

डीयू के श्रेयांश गिटार की धुन पर छठ मइया के गीत गाकर इंटरनेट मीडिया पर कर रहे हैं पोस्ट।

डीयू के श्रेयांश गिटार की धुन पर छठ मइया के गीत गाकर इंटरनेट मीडिया पर कर रहे हैं पोस्ट।

HighLights

  1. युवा सोशल मीडिया पर छठ गीत और रील्स साझा कर रहे हैं।

  2. पर्व की मान्यताओं और सूर्य उपासना का महत्व बता रहे हैं।

  3. नई पीढ़ी को छठ की आस्था और संस्कृति से जोड़ रहे हैं।

शालिनी देवरानी, दक्षिणी दिल्ली। ''जोड़े-जोड़े फलवा सुरुज देव, घटवा पे तिवाई चढ़ावेले हो'', ''पहिले-पहिल हम कईनी छठी मईया व्रत तोहार'' और ''केलवा के पात पर उगेलन सुरुज मल...''। कभी घाटों और घरों में सुनाई देने वाले छठ गीतों की गूंज अब सोशल मीडिया पर भी सुनाई दे रही है।

कॉलेज के फेस्ट में ड्रम और गिटार की धुन पर परफार्म करने वाले युवा सोशल मीडिया पर भी छठी मईया के गीत साझा कर रहे हैं। कोई अपनी आवाज में लोकगीत रिकॉर्ड कर रहा है, तो कोई पर्व की मान्यताओं और महत्व के बारे में बता रहा है। नई पीढ़ी सोशल मीडिया को छठ की आस्था, परंपरा और संस्कृति से युवाओं को जोड़ने का माध्यम बना रही है।

पीछे की कहानियों को सामने ला रहे

सोशल मीडिया पर सक्रिय युवा केवल गीत, रील्स या शॉर्ट वीडियो नहीं, बल्कि छठ घाटों की तैयारियों, व्रत की परंपराओं, सूर्य उपासना के महत्व और पर्व से जुड़ी धार्मिक मान्यताओं को भी पोस्ट के माध्यम से साझा कर रहे हैं। छोटे-छोटे वीडियो में वे छठ पूजा की विधि, प्रसाद, पारंपरिक रीति-रिवाजों और लोकगीतों के पीछे की कहानियों को सामने ला रहे हैं।

मकसद है कि उन लोगों को भी पर्व के बारे में जानने का अवसर मिले, जो इनसे परिचित नहीं हैं। डिजिटल मंचों पर युवाओं की यह पहल परंपरा और आधुनिकता के बीच जुड़ाव की नई कड़ी बन चुकी है।

छठ मेरे लिए सिर्फ एक त्योहार नहीं है, इससे भावनाएं जुड़ी हैं। बचपन से ही घर में छठ पूजा देखता आया हूं। मेरे पापा सरकारी विभाग में कार्यरत हैं और हर साल वही व्रत करते हैं। प्रेक्टिकल की वजह से ट्रेन का टिकट कैंसिल कर फ्लाइट से तीन गुना टिकट लेकर जमशेदपुर आया हूं। गिटार बजाने और गाने का शौक है ऐसे में छठ गीत इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए हैं। - श्रेयांश, छात्र, श्री वेंकटेश्वर कॉलेज

मुझे गाने का शौक है और गीतों के माध्यम से छठ की भक्ति और लोक संस्कृति से लोगों को जोड़ने के लिए वीडियो पोस्ट किए हैं। छठ गीतों के जरिये इंस्टाग्राम और फेसबुक पर पर काफी सराहना मिली है। छठ के गीतों में बेहद सुकून होता है। बस इनकी परंपरा और खूबसूरती से लोगों को रूबरू कराना चाहती हूं। - लाली चौधरी, छात्रा

जब से होश संभाला है तब से छठ को देखता आया हूं। पहले मम्मी करती थीं और अब भाभी व्रत करती हैं। छठ सिर्फ पर्व नहीं है, इसमें परंपरा, संस्कार, कठोर नियम, आस्था और भावनाएं सब कुछ है। मैं इंस्टाग्राम पर रील्स पोस्ट करता हूं लेकिन छठ के महत्व पर बनाई रील पर एक दिन में ही करीब दो मिलियन व्यूज मिल चुके हैं। इससे साफ है कि छठ से जुड़ा कंटेट देखने और जानने में लोगों की दिलचस्पी है। - रवि सिंह, द्वारका निवासी

यह भी पढ़ें- छठ महापर्व: 11 करोड़ लोगों की आस्था से बाजार में रौनक, 65000 करोड़ पार पहुंचा कारोबार का आंकड़ा


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।