केंद्रीय मंत्री के विवादित टिप्पणी के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन
केंद्रीय मंत्री वीके सिंह की विवादित टिप्पणी के बाद आज कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी के नई दिल्ली स्थित मुख्यालय पर धरना दिया।
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री वीके सिंह की टिप्पणी 'यदि कोई व्यक्ति किसी कुत्ते को पत्थर मारता है तो उसके लिए केंद्र को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।' पर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है।
आज युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी के नई दिल्ली स्थित मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री को बर्खास्त करने के साथ जेल भेजे जाने की भी मांग की।
गौरतलब है कि जनरल वीके सिंह ने फरीदाबाद में दो मासूम दलितों को जिंदा जला दिए जाने की घटना पर हो रही आलोचना को लेकर केंद्र सरकार को बचाने के लिए यह विवाद बयान दिया था।
यह दिया था बयान
फरीदाबाद में 20 अक्तूबर को तड़के दलित परिवार को जिंदा जला दिए जाने की घटना का संदर्भ देते हुए उन्होंने कहा, हर चीज के लिए सरकार जिम्मेदार हो, ऐसा नहीं है, जैसे कि यदि कोई एक कुत्ते पर पत्थर फेंकता है तो भी सरकार जिम्मेदार है, ऐसा नहीं है। इस घटना में दो छोटे बच्चे जलकर मर गए थे।
फरीदबाद में भी भड़के दलित
जनरल वीके सिंह ने फरीदाबाद में दो मासूम दलितों को जिंदा जला दिए जाने की घटना के बाद दिए बयान के विरोध में फरीदाबाद के दलितों में भी गुस्सा है। आज दलित समाज के लोगों ने अंबेडकर चौक पर केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह का पुतला फूंका।