घर के बाहर शराब पीने से रोकने पर मार डाला
घर के बाहर शराब पीकर शोर नहीं मचाने और गालीगलौज नहीं करने से मना करने पर एक युवक की हत्या कर दी गई। घटना दो दिन पहले देर रात की है।
नई दिल्ली। घर के बाहर शराब पीकर शोर नहीं मचाने और गालीगलौज नहीं करने से मना करने पर एक युवक की हत्या कर दी गई। घटना दो दिन पहले देर रात की है।
बदरपुर इलाके में कांचपुरी पहाड़ी में नशे में धुत कुछ युवकों ने घर का दरवाजा खुलवाकर मानक सिंह के (30) पेट में चाकू घोंप दिया। चीख सुनकर पहली मंजिल पर रहने वाले उसके जीजा और पड़ोसी वहां पहुंचे और उसे अपोलो अस्पताल ले गए, जहां उसका ऑपरेशन किया गया।
आंत कट जाने और अत्यधिक खून बह जाने से कल सुबह सात बजे युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी कदीम (24) को गिरफ्तार कर लिया है। उसके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है। वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, मानक सिंह के माता-पिता का निधन हो चुका है। वह बदरपुर में ही एक केबल कंपनी में काम करता था और कांचपुरी पहाड़ी में बहन सावित्री देवी और जीजा शिवराम सिंह के घर पर किराये पर रहता था।
सोमवार रात करीब आठ बजे घर के सामने कदीम दोस्तों के साथ शराब पी रहा था। वे काफी तेज आवाज में एक-दूसरे को गाली दे रहे थे। मानक ने उन्हें ऐसा करने से मना किया, तो वे चले गए।
रात करीब 11 बजे कदीम तीन साथियों के साथ आया और दरवाजा खट-खटाकर मानक को बाहर निकलने को कहा। मानक ने दरवाजा खोला तो उन लोगों ने हमला कर दिया। कदीम ने चाकू से मानक के पेट में कई वार किए। भागने से पहले वह चाकू घर के छज्जे पर फेंक गया था।