अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योगमय नजर आएगी दिल्ली
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर दिल्ली योगमय नजर आएगी। इसके लिए आयुष मंत्रालय
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर दिल्ली योगमय नजर आएगी। इसके लिए आयुष मंत्रालय ने भी कमर कस ली है। मंत्रालय तथा सिविक एजेंसियों के सहयोग से राजपथ के साथ ही लाल किला, तालकटोरा गार्डन, लोदी गार्डन, नेहरू पार्क समेत कुल आठ स्थानों पर वृहद स्तर पर योग समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें कई केंद्रीय मंत्रियों के साथ-साथ नौकरशाह, अर्द्ध सैनिक बल के जवान, आम लोग तथा विदेशी नागरिक भी भाग लेंगे।
इस बार दिल्ली में योग दिवस का मुख्य आयोजन राजपथ पर आयोजित होगा, जिसमें 20 हजार से अधिक लोग शामिल होंगे। इसमें केंद्रीय मंत्री और चांदनी चौक से सांसद डॉ. हर्षवर्धन की मौजूदगी होगी। राजपथ पर आर्ट ऑफ लिविंग, पतंजलि योग समिति, विवेकानंद योगाश्रम अस्पताल, ब्रह्मकुमारी तथा गायत्री परिवार से जुड़े लोग योग के विभिन्न आसन से दिल्ली वालों को परिचित कराएंगे। राजपथ पर योग समारोह में आम लोगों का प्रवेश जनपथ मार्ग से होगा तो शास्त्री भवन और निर्माण भवन के नजदीक पार्किंग की सुविधा भी मिलेगी। इसी तरह तालकटोरा गार्डन में भी 1500 से अधिक लोग एक साथ योग करते नजर आएंगे। इधर, नेहरू पार्क में 2,500 से अधिक लोग शामिल होंगे। ::::::::::::::::
लाल किला में 40 हजार से अधिक महिलाएं करेंगी योग
लाल किला में योग समारोह में महिला शक्ति की धमक देखने को मिलेगी। यहां पर 40 हजार से अधिक युवतियों और महिलाएं योग करती नजर आएंगी। दो हजार से अधिक अर्द्ध सैनिक बल की महिला जवान भी भाग लेंगी, जिनमें सीआइएसएफ, सीआरपीएफ, आइटीबीपी, बीएसएफ, एसएसबी, असम राइफल्स की महिला जवान शामिल होंगी। इस बारे में ब्रह्मकुमारी की बीके सपना ने बताया कि लोग सुबह पांच बजे से लाल किला पर जुटना शुरू हो जाएंगे। आयोजन 5:30 बजे से प्रारंभ होगा, जबकि योग आसन सात बजे से 7:45 बजे तक के बीच किया जाएगा। 40 हजार से अधिक लोगों के यहां आने का अनुमान है। उसमें ब्रह्मकुमारी से जुड़ी महिलाओं व युवतियों की संख्या हजारों में होगी। :::::::::::::::::::
देशभक्ति के रंग में रंगा होगा योग समारोह
करीब तीन घंटे तक चलने वाले आयोजन में योग के विभिन्न आसनों को करने के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी प्रस्तुति होगी, जिसमें देशभक्ति गीतों पर नृत्य भी होगा।
::::::::::::::
इन-इन स्थानों पर है योग समारोह
राजपथ, लाल किला, नेहरू पार्क, लोदी गार्डन, तालकटोरा गार्डन, द्वारका, रोहिणी तथा यमुना कांप्लेक्स।