दिल्ली में यमुनापार के इलाकों में गहराया जल संकट, गंगनहर की मरम्मत के चलते 8 नवंबर तक रहेगी पानी की किल्लत
गंगनहर की वार्षिक मरम्मत के कारण यमुनापार के कई इलाकों में शनिवार सुबह से ही पानी की किल्लत शुरू हो ...और पढ़ें
-1792821416569_m.webp)
गंगनहर की मरम्मत के चलते 8 नवंबर तक रहेगी पानी की किल्लत। AI जनरेटेड इमेज
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। गंगनहर से गंगा जल की आपूर्ति बंद होने का असर शनिवार सुबह से ही यमुनापार के कई इलाकों में दिखाई देने लगा। करावल नगर, यमुना विहार समेत पूर्वी और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के कई क्षेत्रों में लोगों को पानी की किल्लत झेलनी पड़ी। शाम की आपूर्ति के दौरान भी परेशानी बने रहने के आसार हैं।
उत्तर प्रदेश में गंगनहर की वार्षिक मरम्मत के चलते मुरादनगर से भागीरथी जलशोधन संयंत्र को मिलने वाला गंगा नहर का पानी आठ नवंबर तक बंद रहेगा। इस दौरान यमुना के पानी को शोधित कर जलापूर्ति बनाए रखने का प्रयास किया जाएगा।
इन इलाकों में शुरू हुई परेशानी
गंगनहर से पानी की आपूर्ति बंद होने का असर करावल नगर, यमुना विहार, गोकुलपुरी, बाबरपुर, ताहिरपुर, दिलशाद गार्डन, नंदनगरी, शाहदरा, सीलमपुर, जाफराबाद, शास्त्री पार्क, ब्रह्मपुरी, लक्ष्मी नगर, गीता कॉलोनी, मयूर विहार, कोंडली, मंडावली, शकरपुर, कड़कड़डूमा, जगतपुरी, कृष्णा नगर, पटपड़गंज और प्रीत विहार समेत गंगा जल की आपूर्ति वाले इलाकों में पड़ रहा है।
शनिवार सुबह से ही कई जगह लोगों को जरूरत के मुताबिक पानी नहीं मिल सका। इनमें से कई इलाकों में पानी का दबाव कम होने के कारण गंदा और काला पानी आने की भी शिकायतें मिलीं। लोगों को आशंका है कि कम दबाव के चलते पानी में सीवर का पानी मिलकर आ रहा है। शाम को भी पानी की उपलब्धता कम रहने की आशंका है।
अधिकारियों से बातचीत की जा रही
जिला विकास समिति के चेयरमैन जितेंद्र महाजन ने कहा कि लोगों को परेशानी से बचाने के लिए जल बोर्ड के अधिकारियों से बातचीत की जा रही है। प्रयास है कि यमुना के पानी को शोधित कर अधिक से अधिक पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि गंगनहर की वार्षिक मरम्मत के दौरान हर साल ऐसी स्थिति बनती है। इसे देखते हुए अधिकारियों से बातचीत कर वैकल्पिक व्यवस्था बेहतर करने और लोगों को राहत दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
जल बोर्ड ने उपलब्ध पानी का उचित इस्तेमाल करने की अपील की है। लोगों से कहा गया है कि वे पानी को व्यर्थ न बहाएं और जरूरत के अनुसार ही इसका इस्तेमाल करें।
यह भी पढ़ें- यमुनापार में सीवर ओवरफ्लो से हाहाकार, गंदे पानी और बदबू से जनजीवन अस्त-व्यस्त
