विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यमुना के प्रदूषण में आई कमी, लेकिन पानी अभी भी उपयोग लायक नहीं; DPCC ने दिए सुधार के संकेत

Published: Thu, 25 Jun 2026 08:21 PM (IST)

यमुना नदी में फीकल कोलीफॉर्म के स्तर में पिछले वर्ष की तुलना में सुधार हुआ है, लेकिन पानी अभी भी उपयोग के लायक नहीं है। प्रदूषण के अन्य मानक भी तय सीमा से अधिक हैं और दिल्ली जल बोर्ड एसटीपी उन्नयन से सुधार की उम्मीद कर रहा है।

यमुना के प्रदूषण में सुधार लेकिन पानी अभी भी मैला। (फाइल फोटो)

यमुना के प्रदूषण में सुधार लेकिन पानी अभी भी मैला। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. यमुना में फीकल कोलीफार्म स्तर में सुधार दर्ज।

  2. नदी का पानी अभी भी उपयोग के योग्य नहीं।

  3. एसटीपी उन्नयन से गुणवत्ता में और सुधार की उम्मीद।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) के आंकड़ों के अनुसार पिछले वर्ष की तुलना में यमुना में अधिकांश स्थानों पर फीकल कोलीफॉर्म (मल मूत्र से होने वाला प्रदूषण) के स्तर में सुधार है, परंतु अभी भी इसका पानी उपयोग के लायक नहीं है। फीकल कोलीफॉर्म सहित प्रदूषण के अन्य मानक तय स्तर से अधिक हैं।

जैविक आक्सीजन मांग (बीओडी) का स्तर भी तय मानक तीन मिलीग्राम प्रति लीटर से अधिक पाया गया है। यानी पानी में ऑक्सीजन की कमी बनी हुई है।

डीपीसीसी द्वारा प्रत्येक माह यमुना की जल गुणवत्ता की रिपोर्ट जारी किया जाता है। इसके लिए पल्ला, वजीराबाद, आईएसबीटी ब्रिज, आइटीओ ब्रिज, निजामुद्दीन ब्रिज, हिंडन कट, ओखला बैराज और असगरपुर आठ स्थानों से नदी के जल के नमून लेकर जांच की जाती है। बीओडी, घुलित आक्सीजन (डीओ), रासायनिक आक्सीजन मांग (सीओडी), पीएच और फीकल कोलीफार्म जैसे मानकों की जांच कर प्रदूषण स्तर का आकलन किया जाता है।

सभी स्थानों पर फीकल कोलीफॉर्म के स्तर में सुधार

पिछले वर्ष मई की तुलना में इस बार सभी स्थानों पर फीकल कोलीफॉर्म के स्तर में सुधार हुआ है। लेकिन सभी स्थानों पर यह स्तर निर्धारित सीमा से अधिक है। नदी के पानी में फीकल कोलीफार्म का स्तर प्रति 100 मिलीलीटर अधिकतम 500 सर्वाधिक संभावित संख्या (एमपीएन) होना चाहिए।

इसका स्तर प्रति 100 मिलीलीटर 2500 एमपीएन से अधिक होने पर पानी उपयोग योग्य नहीं रह जाता। पिछले वर्ष मई में आइटीओ पर इसका स्तर 92 लाख एमपीएन तक पहुंच गया था।

इस वर्ष मई में यह कम होकर 1.20 लाख एमपीएन रह गया है। इसी तरह से असगरपुर में यह 23 लाख एमपीएन से कम होकर 3.3 लाख एमपीएन रह गया है। इसी तरह से निजामुद्दीन, ओखला बैराज व अन्य स्थानों पर भी सुधार है। इसके बावजूद इसका मान्य स्तर से बहुत अधिक होना यह बताता है कि अभी भी बड़ी मात्रा में बिना शोधित पानी नदी में पहुंच रहा है।

दिसंबर 2017 तक सभी एसटीपी के उन्नयन का आदेश

दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारियों का कहना है कि एसटीपी के चल रहे उन्नयन कार्य से मल-मूत्र से होने वाले स्तर में पहले से सुधार हुआ है। एनजीटी ने वर्ष 2015 में दिल्ली जल बोर्ड को दिसंबर 2017 तक सभी एसटीपी के उन्नयन का आदेश दिया था। उसके बाद 18 एसटीपी के उन्नयन का प्रस्ताव तैयार हुआ था,लेकिन इसका काम अब तक पूरा नहीं हुआ है।

12 एसटीपी का उन्नयन कार्य लगभग पूरा हो गया है। छह अन्य का इस वर्ष के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद नदी के पानी की गुणवत्ता और बेहतर होगी।

यमुना नदी में अलग-अलग स्थानों पर फीकल कोलीफॉर्म का स्तर (प्रति 100 मिलीलीटर एमपीएन)

स्थान मई 2025 मई 2026
पल्ला 1700 2200
वजीराबाद 3300 3500
आइएसबीटी ब्रिज 1.60 लाख 1.30 लाख
आइटीओ बैराज 92 लाख 1.20 लाख
निजामुद्दीन ब्रिज 2.40 लाख 1.10 लाख
ओखला बैराज 3.30 लाख 1.40 लाख
असगरपुर 23 लाख 3.30 लाख

यह भी पढ़ें- DU Admission में बड़ा फेरबदल, इस बार नहीं जारी होगी कट-ऑफ लिस्ट; मिनिमम एलोकेशन स्कोर से मिलेगा दाखिला

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।