पत्रकार विनोद दुआ के खिलाफ सांप्रदायिक तनाव फैलाने का मामला दर्ज
वरिष्ठ पत्रकार विनोद दुआ के खिलाफ दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने भ्रामक सूचना जारी कर दो संप्रदाय में तनाव फैलाने का मामला दर्ज किया है। यह मामला दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता नवीन कुमार की शिकायत पर दर्ज किया गया है।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली :
पत्रकार विनोद दुआ के खिलाफ दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने भ्रामक सूचना फैला कर कर दो संप्रदायों में तनाव फैलाने का मामला दर्ज किया है। यह मामला दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता नवीन कुमार की शिकायत पर दर्ज किया गया है।
नवीन कुमार ने अपनी शिकायत में कहा है कि बीते कई माह से विनोद दुआ लगातार पूरे विश्व में भारत की छवि को खराब करने के साथ असामाजिक तत्वों को राजनीतिक आश्रय उपलब्ध कराने का कार्य कर रहे हैं।
इससे पहले विनोद दुआ ने शाहीन बाग में हुई हिसा और प्रदर्शन के लिए प्रधानमंत्री और गृह मंत्री सहित दिल्ली पुलिस को न सिर्फ जिम्मेदार ठहराया था, बल्कि इसे प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के इशारे पर दिल्ली पुलिस द्वारा किया गया कृत्य करार दिया था, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत सरकार और दिल्ली पुलिस की छवि को गहरा आघात लगा।
नवीन कुमार ने शिकायत पत्र में कहा कि विनोद दुआ के मुताबिक की केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, सांसद प्रवेश वर्मा और पूर्व विधायक कपिल मिश्रा आतंकवादी हैं, जबकि दिल्ली में हुए दंगे की साजिश रचने के मामलों में गिरफ्तार किए गए आरोपित मुस्लिम नेता हीरो हैं।
इसके अलावा नवीन कुमार ने शिकायत पत्र में कहा कि कई माह से वे समुदाय विशेष के लोगों के बीच भारतीय जनता पार्टी और पार्टी की नीतियों को लेकर भ्रम फैला रहे हैं। फर्जी खबर और गलत तथ्यों के आधार पर वह समाज में अशांति फैलाने का कार्य कर रहे हैं। नवीन कुमार की शिकायत पर क्राइम ब्रांच ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।