भारतीय व्यापार की जड़ें दुनिया भर में फैलाएगा विश्व कन्वेंशन सेंटर
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने प्रगति मैदान में बनने जा रहे विश्व कन्वें
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने प्रगति मैदान में बनने जा रहे विश्व कन्वेंशन सेंटर को भारतीय अर्थव्यवस्था को व्यापक मजबूती देने वाला बताया है। उन्होंने कहा कि यह सेंटर भारतीय व्यापार की जड़ों को दुनिया भर में फैलाएगा। साथ ही दिल्ली को वैश्विक शहर का दर्जा देने में भी खासा मददगार साबित होगा। उपराष्ट्रपति शुक्रवार सुबह हंसध्वनि थियेटर में प्रगति मैदान नवीनीकरण योजना के शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर केंद्रीय उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री सुरेश प्रभु, उद्योग एवं वाणिज्य राज्यमंत्री सीआर चौधरी, शहरी विकास राज्यमंत्री हरदीप सिंह पुरी, कैबिनेट सचिव पीके सिन्हा, भारतीय व्यापार एवं संवर्द्धन परिषद (आइटीपीओ) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक एलसी गोयल, कार्यकारी निदेशक दीपक कुमार तथा राष्ट्रीय भवन निर्माण निगम (एनबीसीसी) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक अनूप कुमार मित्तल सहित अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
प्रगति मैदान की नवीनीकरण योजना को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्लोगन रिफॉर्म (सुधार), परफॉर्म (प्रदर्शन) और ट्रांसफॉर्म (बदलाव) से जोड़ते हुए उपराष्ट्रपति ने इसे विकास और बेहतर रखरखाव का पर्याय बताया। केंद्रीय मंत्री सुरेश प्रभु ने कहा कि प्रगति मैदान में विश्व कन्वेंशन सेंटर बनने के बाद विश्व स्तर पर व्यापारिक क्षेत्र में भारत की अलग ही प्रतिष्ठा होगी। इससे व्यापारिक एवं साझेदारी की संभावनाओं का विस्तार होगा। केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने कहा कि प्रगति मैदान के बीचोंबीच बनने वाली 27 मीटर चौड़ी और करीब एक किलोमीटर लंबी सुरंग भैरो रोड के अलावा मथुरा रोड व ¨रग रोड को जोड़ने का वैकल्पिक माध्यम होगी। इससे प्रगति मैदान के आसपास यातायात व्यवस्था में बडे़ पैमाने पर सुधार होगा। नवीनीकरण के बाद प्रगति मैदान का नया स्वरूप इसे एक पर्यटक स्थल के रूप में भी विकसित करेगा। यहां व्यापारिक ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर के अन्य आयोजन भी हो सकेंगे। केंद्रीय मंत्री सीआर चौधरी ने कहा कि ढांचागत विकास के सहारे ही सही मायनों में विकास का लक्ष्य पाया जा सकता है। आइटीपीओ के प्रबंध निदेशक एलसी गोयल ने कहा कि सितंबर 2019 में जिस दिन यह नवीनीकरण कार्य पूरा होगा, आइटीपीओ के लिए वह बहुत बड़ा दिन होगा।