केंद्रीय मंत्री ने UP के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मांगा पानी
स्थानीय सांसद व केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से फोन पर बात कर हरनंदी (हिंडन) नदी में कम से कम 400 क्यूसेक पानी छोड़ने की व्यवस्था करने की मांग की है।
गाजियाबाद (राज कौशिक)। स्थानीय सांसद व केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से फोन पर बात कर हरनंदी (हिंडन) नदी में कम से कम 400 क्यूसेक पानी छोड़ने की व्यवस्था करने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि छठ त्योहार को देखते हुए इतना पानी छोड़ा जाना जरूरी है। एक मुलाकात में जनरल वीके सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री से हुई बातचीत से उन्हें भरोसा है कि हिंडन में पानी उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने कहा कि डेढ़ सौ साल से गंग नहर को सफाई के लिए इन्हीं दिनों बंद किया जाता है।
दो फसलों के बीच अंतर होने के कारण यह समय सिंचाई विभाग को सूट करता है और इस दौरान पानी न होने से किसानों की फसल भी ज्यादा प्रभावित नहीं होती मगर छठ पर्व पर पूजा-पाठ करने वाले हजारों लोगों को हिंडन नदी में पानी न होने के कारण परेशान होना पड़ता है।
दरअसल, मुजफ्फरनगर के खतौली और बागपत के जानी बलैनी से हिंडन नदी में गंगनहर का पानी छोड़ा जाता है, मगर गंगनहर बंद होने के कारण हिंडन नदी में भी पानी का संकट हो रहा है। फिलहाल नदी में गंदे नालों का ही पानी आकर गिर रहा है और इस कारण यह प्राचीन नदी किसी बड़े नाले जैसी ही दिखाई दे रही है।
गाजियाबाद में पूर्वांचल समाज के लाखों लोग रहते हैं। बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष व बच्चे हरनंदी में खड़े होकर छठ पर्व पर सूरज की पूजा करते हैं। वैसे तो हरनंदी की स्थिति इन दिनों हर साल ही अच्छी नहीं होती मगर इस बात हालत कुछ ज्यादा ही खराब है।
नदी की दुर्दशा देखकर ही रविवार को पूर्वांचल समाज के लोगों का गुस्सा निगम व प्रशासन के अधिकारियों के सामने फूट पड़ा था। वीके सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री ने उनकी बात को गंभीरता से सुना है।
उन्हें भरोसा है कि छठ पर्व पर लाखों लोगों की श्रद्धा का केंद्र बनने वाली हरनंदी में साफ पानी छुड़वाने की व्यवस्था मुख्यमंत्री जरूर करवाएंगे